पांच महीने पहले हुई थी शादी, अब ससुराल में मिला नवविवाहिता का शव : मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
मामले की जांच करती पुलिस, इनसेट में मृतका की फाइल फोटो
बांका के बैसा गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. शादी के महज़ पांच महीने बाद, 22 वर्षीय नवविवाहिता पूजा कुमारी का शव कमरे में पंखे से लटका मिला. परिवार में हुए विवाद के बाद इस घटना ने तूल पकड़ लिया है, जहाँ मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है.
बांका : बांका सदर थाना क्षेत्र के बैसा गांव में शनिवार की शाम एक नवविवाहिता का शव कमरे में पंखे से लटका मिला. मृतका की पहचान बैसा गांव निवासी सागर कुमार की करीब 22 वर्षीय पत्नी पूजा कुमारी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
पूजा कुमारी की शादी करीब पांच महीने पहले शंभुगंज थाना क्षेत्र के खपड़ा गांव निवासी जीतन राम की पुत्री के रूप में हिंदू रीति-रिवाज से सागर कुमार के साथ हुई थी. शादी के कुछ दिनों बाद सागर कमाने के लिए दिल्ली चला गया था.
परिवार में विवाद के बाद मिला नवविवाहिता का शव
बताया जा रहा है कि शनिवार को पूजा कुमारी और उसकी सास समेत अन्य परिजनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद कमरे में पूजा का शव पंखे से लटका मिला.
घटना के बाद ससुराल के सभी सदस्य घर से फरार बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद मृतका के मायके वाले सदर थाना पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस के साथ परिजन बैसा गांव पहुंचे, जहां पूजा का शव कमरे में मिला.
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के मायके वालों ने उसके ससुराल पक्ष पर पूजा की हत्या करने का आरोप लगाया है. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल घटना के कारणों की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार, एसआई संगीता कुमारी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद घटना की सही स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
इधर, घटना के बाद मृतका की मां सुमा देवी, पिता जीतन राम, भाई और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ससुराल पक्ष के फरार परिजनों की तलाश और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए