नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ तीज व्रत, गंगा घाटों पर उमड़ी सुहागिनों की भीड़ : फलों के दाम भी चढ़े

Updated:
विज्ञापन

तीज व्रत को लेकर गंगा स्नान करते श्रद्धालु. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हरितालिका तीज का पावन पर्व नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है. सुहागिन महिलाओं ने गंगा स्नान कर विधि-विधान से पकवान बनाए. कल निर्जला उपवास रखा जाएगा.

विज्ञापन

भागलपुर : अखंड सुहाग की कामना का पर्व हरितालिका तीज रविवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया. तीज व्रत को लेकर सुहागिन महिलाओं ने गंगा स्नान किया और इसके बाद घरों में विभिन्न प्रकार के पकवान बनाए. बरारी पुल घाट, सीढ़ी घाट, एसएम कॉलेज घाट और बूढ़ानाथ घाट समेत विभिन्न गंगा तटों पर सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही.

विज्ञापन

गंगा स्नान के बाद महिलाओं ने विधि-विधान से भोजन तैयार किया और अपने पति को भोजन कराने के बाद स्वयं भोजन ग्रहण किया. सोमवार को व्रती महिलाएं निर्जला उपवास रखेंगी. सुहागिन महिलाएं अखंड सुहाग और कुंवारी लड़कियां मनोवांछित वर की कामना से यह व्रत करती हैं. जिन महिलाओं का पहला तीज है, उनके लिए इस पर्व का विशेष महत्व माना जाता है.

तीज को लेकर बाजार में बढ़ी चहल-पहल

तीज से एक दिन पहले रविवार को भागलपुर के बाजारों में भी खूब रौनक रही. महिलाओं ने डलिया, फल, मिठाई, पूजन सामग्री और सुहाग की सामग्री की खरीदारी की. मेहंदी लगाने के लिए ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं की भीड़ देखी गयी.

पांच प्रकार के फल, डलिया और अन्य पूजन सामग्री की मांग बढ़ने के साथ कई सामानों के दाम भी बढ़ गये.

अमरूद, केला और खीरा के भाव में उछाल

तीज को लेकर खीरा, अमरूद और केले की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गयी. बाजार में खीरा 50-60 रुपये से बढ़कर 70-80 रुपये किलो तक पहुंच गया. अमरूद 50 रुपये किलो से बढ़कर 70-80 रुपये किलो तक बिकने लगा. वहीं केला 20 रुपये दर्जन से बढ़कर 40-50 रुपये दर्जन तक पहुंच गया.

छोटी डलिया की कीमत भी दो दिनों में 40 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति पीस हो गयी. भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमाएं 100 से 300 रुपये तक में बिक रही हैं.

मिठाई दुकानदार नंदकिशोर साह ने बताया कि भागलपुर में अब रेडीमेड पकवानों का चलन बढ़ा है. बाजार में ठेकुआ और अन्य पकवान करीब 350 से 460 रुपये किलो तक बिक रहे हैं.

फलों की बिक्री पांच गुना बढ़ी

फल विक्रेता मनोज कुमार ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में त्योहार को लेकर फलों की बिक्री करीब पांच गुना बढ़ गयी है. मांग बढ़ने का असर कई फलों की कीमतों पर भी पड़ा है.

फल कारोबारी मो. साहेब के अनुसार बाजार में सेब 120-160 रुपये किलो, अनार 150-180 रुपये किलो, नारंगी 100-120 रुपये किलो, नासपाती 100-120 रुपये किलो और मौसमी 60-70 रुपये किलो बिक रही है.

केले की कीमत में भी बढ़ोतरी हुई है. सामान्य दिनों में 30 रुपये दर्जन मिलने वाला केला अब 40 से 60 रुपये दर्जन तक बिक रहा है. अमरूद 60 से 100 रुपये किलो तक उपलब्ध है.

ईख और पूजन सामग्री की भी बढ़ी मांग

आनंद चिकित्सालय रोड और लोहिया पुल के नीचे ईख 35 से 50 रुपये प्रति डंडा तक बिका. पूजन सामग्री सामान्य तौर पर 20 रुपये प्रति पुड़िया और डलिया में चढ़ने वाला सुहाग का सामान करीब 20 रुपये प्रति पैकेट बिक रहा था.

महंगाई के बीच पूजन सामग्री, फल और सुहाग की वस्तुओं की खरीदारी के लिए बाजार में महिलाओं की भीड़ बनी रही. तीज की तैयारियों को लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में देर तक चहल-पहल देखने को मिली.

यह भी पढ़ें : इस्माईलपुर -बिंद टोली में गंगा का जलस्तर 24 घंटे में 9 सेमी घटा, लेकिन तटबंध पर अब भी खतरा

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन