चार दिन से बिजली ठप तो बबरगंज में फूटा गुस्सा, मिरजानहाट-अलीगंज रोड पर टायर जलाकर प्रदर्शन
प्रदर्शन करते बबरगंज के लोग.
भागलपुर के बबरगंज इलाके में चार दिनों से बिजली न होने से लोग आक्रोशित हो गए. महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात बाधित हुआ. बिजली विभाग के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई.
भागलपुर : दक्षिणी शहर के बबरगंज इलाके में चार दिनों से जारी बिजली संकट से परेशान लोगों का रविवार को आक्रोश फूट पड़ा. बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे सड़क पर उतर आये और मिरजानहाट-अलीगंज रोड को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने बांस-बल्ला लगाकर सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी और टायर जलाकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की. सड़क जाम होने से इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
चार दिन से बिजली नहीं, पानी के लिए सबसे ज्यादा परेशानी
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि चार दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण घरों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो गये थे. मोहल्ले में अंधेरा पसरा रहा. सबसे अधिक परेशानी पीने के पानी को लेकर हुई. बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को पानी जुटाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
लोगों ने बताया कि बिजली संकट का असर बच्चों की पढ़ाई से लेकर खाना बनाने और अन्य घरेलू कामों तक पड़ा. लगातार चार दिनों तक परेशानी झेलने के बाद लोगों का धैर्य जवाब दे गया और वे सड़क पर उतर आये.
विधायक और पुलिस पहुंचे, बिजली विभाग के कर्मी को भी बुलाया
सड़क जाम की सूचना मिलने पर नगर विधायक रोहित पांडे और बबरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. विधायक और पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया. इसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारी को भी मौके पर बुलाया गया.
काफी देर तक चली बातचीत और समस्या के समाधान की कवायद के बाद प्रभावित इलाके में बिजली आपूर्ति बहाल करने की पहल शुरू की गयी.
एक के बाद एक ट्रांसफॉर्मर जलने से बढ़ी परेशानी
मोजाहिदपुर विद्युत सब डिवीजन के सहायक अभियंता प्रणव मिश्रा ने बताया कि मोहल्ले का ट्रांसफॉर्मर जल गया था. इसके बाद दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगाया गया, लेकिन वह भी जल गया. फिर नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया.
उन्होंने बताया कि नये ट्रांसफॉर्मर पर लोड अधिक होने के कारण दोबारा खराबी का खतरा था. इसे देखते हुए मोहल्ले के कुछ हिस्से के उपभोक्ताओं को दूसरे ट्रांसफॉर्मर पर शिफ्ट किया गया.
पुलिस की मौजूदगी में जोड़ा गया तार, फिर बहाल हुई बिजली
सहायक अभियंता के अनुसार, दूसरे ट्रांसफॉर्मर पर शिफ्ट किये गये हिस्से में तार जोड़ने को लेकर स्थानीय स्तर पर गुटबाजी के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था. इस वजह से उस हिस्से में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी.
रविवार को पुलिस की मौजूदगी में तार जोड़ने का काम कराया गया. कनेक्शन जुड़ने के बाद प्रभावित हिस्से में बिजली आपूर्ति बहाल हो गयी. बिजली आने के बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए और सड़क से हट गये.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए