आज रात टीवी पर छायेंगी भागलपुर की सुष्मिता सहेला, सोनी सब के ‘हुई गुम यादें’ में मुख्य भूमिका में आयेंगी नजर

Updated:
विज्ञापन
आज रात टीवी पर छायेंगी भागलपुर की सुष्मिता सहेला, सोनी सब के ‘हुई गुम यादें’ में मुख्य भूमिका में आयेंगी नजर

भागलपुर की बेटी सुष्मिता सहेला आज फिर से मनोरंजन जगत में एक नयी उपलब्धि हासिल करने जा रही हैं.

विज्ञापन

भागलपुर की बेटी सुष्मिता सहेला आज फिर से मनोरंजन जगत में एक नयी उपलब्धि हासिल करने जा रही हैं. सोनी सब टीवी के नये फिक्शन ड्रामा ‘हुई गुम यादें’ का प्रसारण आज रात आठ बजे से शुरू हो रहा है, जिसमें सुष्मिता मुख्य भूमिका (बबली) निभाती नजर आयेंगी. अपने शहर और प्रशंसकों के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है.

आज के प्रसारण पर सबकी निगाहें

सोमवार रात आठ बजे से प्रसारित होने वाले इस शो को लेकर सुष्मिता काफी उत्साहित हैं. प्रसारण से ठीक पहले उन्होंने साझा किया कि ‘हुई गुम यादें’ केवल एक मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह भावनाओं, रिश्तों और सामाजिक मुद्दों का एक अनोखा संगम है. आज के एपिसोड में दर्शक सुष्मिता को ‘बबली’ के किरदार में देखेंगे, जो एक मध्यमवर्गीय परिवार की युवती है. शो में कई अप्रत्याशित मोड़ और भावनात्मक घटनाएं दर्शकों को पहले दिन से ही बांधे रखेंगी.

अंधविश्वास पर प्रहार करेगी कहानी

आज से शुरू हो रहे इस शो में सुष्मिता के साथ अभिनेता कृष्णा भारद्वाज ‘सत्तू’ की भूमिका में दिखेंगे. शो की कहानी बबली और सत्तू की शादी के इर्द-गिर्द घूमती है. सुष्मिता ने बताया कि इस शो के माध्यम से समाज में व्याप्त अंधविश्वास और कुरीतियों पर प्रहार करने और जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया है, जिसका सामना शो के मुख्य पात्रों को करना पड़ता है.

दिग्गज कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा करेंगी सुष्मिता

सोबो फिल्म्स होल्डिंग लिमिटेड के बैनर तले निर्मित इस शो में सुष्मिता के साथ इकबाल खान, गुलकी जोशी, सृष्टि सिंह और अविन त्यागी जैसे दिग्गज कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आयेंगे. निर्माताओं को उम्मीद है कि यह शो दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ एक सार्थक सामाजिक संदेश भी प्रदान करेगा.

सफलता की नयी इबारत लिख रही हैं सुष्मिता

इससे पहले सुष्मिता अपनी फिल्म ‘नवरस कथा कोलाज’ के लिए 58 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं. भागलपुर के सुरखीकल निवासी सुष्मिता ने माउंट कार्मेल स्कूल से अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी की और बाद में फैशन डिजाइनिंग में करियर बनाने के बाद अभिनय की दुनिया में कदम रखा. ‘मेरे साईं’ और ‘कथा अनकही’ जैसे चर्चित शो में अपने अभिनय का जलवा दिखा चुकीं सुष्मिता अब ‘हुई गुम यादें’ के जरिए दर्शकों के दिलों में अपनी जगह पक्की करने के लिए तैयार हैं.

विज्ञापन
संजीव झा

लेखक के बारे में

By संजीव झा

संजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन