भागलपुर में रोज मजदूरी के लिए ट्रेन से जाता था शंभु, एक हादसे ने छीन ली जिंदगी, इलाज के दौरान हुई मौत

Author Atul Kumar|Edited by Pratyush Prashant
Updated:
विज्ञापन
ट्रेन से गिरकर घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

मायागंज अस्पताल.  | Prabhat Khabar Network

Bhagalpur News: रोज की तरह मजदूरी के लिए ट्रेन से निकले शंभु मंडल की एक दुखद हादसे में मौत हो गई. साहेबगंज-मिर्जाचौकी रेलखंड पर चलती ट्रेन से गिरने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. परिवार का एकमात्र सहारा छिनने से कोहराम मच गया है.

विज्ञापन

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र के लैलख गांव के रहने वाले युवक शंभु मंडल की ट्रेन हादसे में मौत हो गई. साहेबगंज-मिर्जाचौकी रेलखंड पर बुधवार को ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए शंभु ने गुरुवार सुबह जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) मायागंज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

रोज की तरह मजदूरी के लिए निकला था, लेकिन लौटकर नहीं आया

मृतक की पहचान सबौर थाना क्षेत्र के लैलख निवासी शंभु मंडल के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक शंभु बुधवार को रोज की तरह मजदूरी करने के लिए साहेबगंज जा रहा था. इसी दौरान साहेबगंज और मिर्जाचौकी स्टेशन के बीच किसी कारणवश वह चलती ट्रेन से गिर गया.

हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

परिवार का सहारा था शंभु

मृतक की मां मीना देवी ने बताया कि शंभु प्रतिदिन ट्रेन से साहेबगंज जाकर मजदूरी करता था और शाम को वापस लौट आता था. उसी की कमाई से पूरे परिवार का खर्च चलता था.

उन्होंने बताया कि शंभु की अभी शादी भी नहीं हुई थी. उसकी असमय मौत से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट एक साथ आ गया है. गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है.

मां का रो-रोकर बुरा हाल

शंभु की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मायागंज अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. ग्रामीणों ने बताया कि शंभु मेहनती और शांत स्वभाव का युवक था. उसकी मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

Bhagalpur News: पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा. मामले की जांच जारी है.

Also Read: पटना हाईकोर्ट ने कहा- महिला की छाती दबाना और सलवार हटाने की कोशिश दुष्कर्म का प्रयास नहीं, बल्कि लज्जा भंग का अपराध

ये भी पढ़ें: 'मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं...', इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती


विज्ञापन
Atul Kumar

लेखक के बारे में

By Atul Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन