भागलपुर बना शिवमय, दूसरी सोमवारी से पहले गंगा घाटों पर उमड़ी हजारों कांवरियों की भीड़
छोटी खंजरपुर घाट पर गंगा जल भरते कांवरिये. | Prabhat Khabar Network
भागलपुर शहर सावन की दूसरी सोमवारी से पहले भक्तिमय हो गया. हज़ारों काँवरियों ने विभिन्न गंगा घाटों से जल भरकर बाबा बासुकीनाथ और आसपास के शिवालयों की ओर प्रस्थान किया. केसरिया वस्त्रों में सजे श्रद्धालु और 'बोलबम' के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा.
Bhagalpur News: सावन की दूसरी सोमवारी से पहले भागलपुर रविवार को पूरी तरह शिवमय हो गया. सिल्क सिटी के प्रमुख गंगा घाटों पर सुबह से लेकर देर शाम तक कांवरियों की लंबी कतारें लगी रहीं. बोलबम, हर-हर महादेव और बाबा एक सहारा के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा. एसएम कॉलेज घाट, छोटी खंजरपुर घाट, बरारी सीढ़ी घाट, हनुमान घाट और पुल घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. अनुमान है कि 30 हजार से अधिक कांवरियों ने गंगाजल भरकर बाबा बासुकीनाथ और आसपास के शिवालयों में जलाभिषेक के लिए प्रस्थान किया. केसरिया वस्त्रों से सजी सड़कें और भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं का उत्साह पूरे शहर को एक विशाल धार्मिक उत्सव में बदलता नजर आया.
भागलपुर के घाटों पर सुबह से उमड़ी कांवरियों की भीड़
रविवार की सुबह से ही विभिन्न गंगा घाटों पर जल भरने का सिलसिला शुरू हो गया था. श्रद्धालु अपने समूहों के साथ कतारबद्ध होकर गंगाजल भरते रहे और फिर कंधों पर कांवर लेकर बासुकीनाथ की ओर रवाना होते गए. पूरे दिन घाटों पर धार्मिक गीत, शंखध्वनि और जयकारों का वातावरण बना रहा.
स्थानीय लोगों के अनुसार इस बार दूसरी सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली. शहर के प्रमुख मार्गों पर भी कांवरियों की लगातार आवाजाही बनी रही.
बिहार और झारखंड के कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालु
भागलपुर के घाटों पर केवल स्थानीय श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि बांका, जमुई, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज सहित बिहार और झारखंड के कई जिलों से बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचे. गोड्डा के बसंत राय और दुमका जिले के कई कांवरिया समूहों ने एसएम कॉलेज और छोटी खंजरपुर घाट से गंगाजल भरा.
जल भरने के बाद श्रद्धालु सोमवार को बाबा बासुकीनाथ धाम सहित अन्य शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए रवाना हुए. कई समूहों में डाकबम भी शामिल थे, जिनके लिए विशेष सेवा और सुरक्षा व्यवस्था की गई थी.
फ्लाइओवर निर्माण के कारण बदला कांवरियों का मार्ग
भोलानाथ फ्लाइओवर निर्माण कार्य जारी रहने के कारण इस बार कांवरियों के मार्ग में बदलाव किया गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालु लोहिया पुल होकर बासुकीनाथ की ओर बढ़े, जबकि कई समूह बाइपास मार्ग से आगे निकले.
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और कांवरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी. प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरे मार्ग पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था संचालित होती रही.
नगर निगम ने कालीन, झालर और जलसेवा शिविर से किया स्वागत
भागलपुर नगर निगम ने कांवरियों के स्वागत के लिए प्रमुख घाटों और मार्गों पर विशेष व्यवस्था की. एसएम कॉलेज घाट और बरारी पुल घाट पर कालीन बिछाए गए, जबकि मार्गों को झालरों और सजावटी सामग्री से सजाया गया.
मेयर और डिप्टी मेयर के नेतृत्व में जलसेवा शिविर भी लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं. नगर निगम की इस पहल की कई कांवरियों ने सराहना की.
सेवा शिविरों में फल, शरबत और मिठाई का वितरण
पूरे कांवरिया मार्ग में सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा सेवा शिविर लगाए गए. एसएम कॉलेज घाट पर स्काउट एंड गाइड, मुख्य द्वार पर छात्राओं द्वारा फल वितरण, कचहरी परिसर में राढ़ी सेवा मंच द्वारा शरबत, फल और मिठाई का वितरण किया गया.
कचहरी चौक पर पूर्व विधायक अजीत शर्मा की ओर से फ्रूटी और फल बांटे गए, जबकि भीखनपुर, पुल घाट और अन्य स्थानों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सेवा शिविर संचालित किए गए.
मारवाड़ी युवा मंच ने पिस्ता चौक पर अध्यक्ष अंकित बाजोरिया और सचिव अभिषेक बुबना के नेतृत्व में विशेष कांवरिया सेवा शिविर लगाया, जहां यात्रियों को विश्राम, पेयजल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं.
Bhagalpur News: भक्ति और उत्साह से सराबोर दिखा पूरा शहर
कई कांवरिया समूह ट्रैक्टर और ट्रकों को केसरिया झंडों तथा धार्मिक प्रतीकों से सजाकर यात्रा पर निकले. डीजे पर बज रहे शिव भजनों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे. शहर के विभिन्न हिस्सों में हर-हर महादेव और बोलबम के जयघोष लगातार सुनाई देते रहे.
रविवार देर शाम तक गंगा घाटों से बासुकीनाथ की ओर कांवरियों का प्रवाह जारी रहा. दूसरी सोमवारी पर जलाभिषेक को लेकर प्रशासन और स्थानीय संस्थाओं की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं.
Also Read: RJD की 20 साल की सियासी कहानी: 2005 की हार से 2020 की वापसी और 2025 के झटके तक, कहां चूकी पार्टी?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक कुमार राव
दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










