बड़ुआ नदी पर निर्माणाधीन बियर बना किसानों के लिए आफत, सैकड़ों बीघा फसल पानी में डूबी

Bhagalpur News:भागलपुर जिले के सुलतानगंज प्रखंड में बड़ुआ नदी पर बन रहे बियर निर्माण कार्य को लेकर किसानों में भारी आक्रोश है. आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही और मनमानी के कारण नदी का जल निकासी मार्ग बाधित हो गया है, जिससे सैकड़ों बीघा खेतों में पानी फैल गया. इससे मूंग, हरी सब्जी और मकई की फसल बर्बाद हो गई है.
सुलतानगंज, भागलपुर से डबलू की रिपोर्ट :
सुलतानगंज प्रखंड के कटहरा पंचायत स्थित कुमारपुर गांव के समीप बड़ुआ नदी पर बियर निर्माण कार्य चल रहा है. ग्रामीणों और किसानों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार ने नदी के जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की, जिसके कारण नदी का पानी खेतों में फैल गया.किसानों ने बताया कि बिना बाढ़ आए ही खेत जलमग्न हो गए हैं. जरूरत से ज्यादा पानी जमा होने के कारण खेतों में लगी फसलें सड़ने लगी हैं.मूंग, मकई और हरी सब्जियों को भारी नुकसान
स्थानीय किसानों के अनुसार इन दिनों खेतों में मूंग, हरी सब्जी और मकई की खेती बड़े पैमाने पर की गई थी. लेकिन नदी का पानी खेतों में फैलने से सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद हो गई है.किसानों का कहना है कि फसल तैयार होने की स्थिति में थी, लेकिन अचानक पानी भर जाने से पूरी मेहनत पर पानी फिर गया. इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
“निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितता”
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बियर निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है. निर्माण स्थल पर ठेकेदार की उदासीनता साफ दिखाई दे रही है.किसानों ने कहा कि जल निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. शिकायत के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकाला गया है.आंदोलन की चेतावनी
परेशान किसानों ने ठेकेदार से फसल नुकसान की भरपाई की मांग की है. किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे एकजुट होकर निर्माण कार्य के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे. ग्रामीणों ने प्रशासन से भी मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










