भागलपुर : घर में फटा अवैध मिनी गैस सिलिंडर ढही दो घर की दीवार, 10 लोग घायल
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 04 Feb 2019 7:58 AM
भागलपुर : विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के साहेबगंज के बेली घाट रोड स्थित काली स्थान के समीप बसंत पंडित के घर में रविवार सुबह अचानक एलपीजी सिलिंडर विस्फोट कर गया. इससे पूरा मोहल्ला दहल गया. विस्फोट इतना जोरदार था कि धमाके से आसपास के दो घरों की दीवार गिर गयी. पूरे घर में दर्जनों दरारें पड़ […]
भागलपुर : विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के साहेबगंज के बेली घाट रोड स्थित काली स्थान के समीप बसंत पंडित के घर में रविवार सुबह अचानक एलपीजी सिलिंडर विस्फोट कर गया. इससे पूरा मोहल्ला दहल गया. विस्फोट इतना जोरदार था कि धमाके से आसपास के दो घरों की दीवार गिर गयी. पूरे घर में दर्जनों दरारें पड़ गयी. घटना में कुल 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये, जिसमें एक दस वर्षीय छात्र बुरी तरह से जख्मी हो गया है.
घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना रविवार सुबह 10 बजे की है जब साहेबगंज स्थित बेली घाट रोड में काली स्थान के समीप मुख्य बाजार में कपड़े की दुकान में काम करने वाले बसंत पंडित के घर में पांच किलो के अवैध सिलिंडर के धमाके से मोहल्ला दहल गया. विस्फोट बसंत पंडित के घर में किराये पर रहने वाले निजी शिक्षक संतोष शर्मा के कमरे में हुआ.
संतोष शर्मा की पत्नी रूपम कुमारी ने बताया कि रविवार सुबह जब वह खाना बनाने की तैयारी कर रही थी, तो उन्हें इस्तेमाल किये जाने वाले पांच किलो वाले सिलिंडर में लीकेज का पता चला. उन्होंने अपने पति संतोष शर्मा को साहेबगंज के ही पितांबर चौक स्थित सरोज नामक व्यक्ति की दुकान में सिलिंडर ठीक कराने और रिफिलिंग के लिए भेज दिया.
दुकान संचालक ने चार सौ रुपये लेकर लीकेज को ठीक कर उसमें तीन किलो गैस भर दिया. घर लाने के बाद करीब 10 बजे रूपम कुमारी ने खाना बनाने के लिए जैसे ही गैस जलाया, तो पूरे सिलिंडर में आग पकड़ लिया और आग की ऊंची लपटें उठने लगी.
आग को बुझाने के लिए वह तुरंत कमरे से निकल कर मदद के लिए चिल्लाने लगी वैसे ही सिलिंडर विस्फोट कर गया. विस्फोट के समय रूपम कुमारी का भतीजा प्रियांशु (10)कमरे में ही मौजूद था, जो आग की चपेट में आ बुरी तरह से जख्मी हो गया. इस दौरान बगल में दूसरे कमरे में किराये पर रहने वाली महिला चंदा देवी भी आग की चपेट में आ गयी.
बसंत पंडित के घर के सामने और बगल की दो दीवार टूट गयी. बसंत पंडित के घर से सटे चाची के घर की दीवार भी टूट कर गिर गयी. जिसकी चपेट में बसंत पंडित की चाची श्रद्धा देवी आकर गंभीर रूप से घायल हो गयी. विस्फोट की धमक और उठी आग की लपटों में आकर घर के बाहर गली में खड़े के कुछ मोहल्ले के लोग भी आ गये, जिसमें किशोर यादव, कृष्ण बिहारी, नीतीश कुमार, विवेक कुमार, अर्चना देवी और विभा देवी आ गयी.
घायल कृष्ण बिहारी ने बताया कि वह दूध लेकर आ रहा था, इस दौरान धमाके और घर से निकली आग की लपट की चपेट में आ गया. चंदा देवी अपने घर के सामने झाड़ू लगा रही थी और किशोर यादव अपने घर से मोटरसाइकिल निकाल रहे थे वह भी धमक से घायल हो गये. घटना के दौरान बसंत पंडित की पत्नी छत पर थी. धमाके से वह बेहोश होकर गिर पड़ी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










