गंडक किनारे रहने वाले हो जाएं अलर्ट, नेपाल में तबाही के बाद बिहार की तरफ मुड़ा बाढ़ का पानी
बाढ़ आने के बाद नाव का सहारा लेते लोग, (प्रतीकात्मक फोटो)
नेपाल में GLOF की सूचना के बाद पश्चिम चंपारण प्रशासन ने गंडक नदी के तटवर्ती गांवों में एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. लोगों से नदी से दूर रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गयी है.
पश्चिम चंपारण बाढ़ अलर्ट: नेपाल में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) की सूचना और नदियों में संभावित जल वृद्धि को देखते हुए पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन ने गंडक नदी के तटवर्ती इलाकों में एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने नेपाल सीमावर्ती और गंडक नदी के किनारे बसे सभी गांवों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है.
आपके शहर में
गंडक किनारे के गांवों पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन के अनुसार, संभावित जल वृद्धि को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां की जा रही हैं.
नदी के पास नहीं जाने की अपील
प्रशासन ने गंडक नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से अनावश्यक रूप से नदी के समीप नहीं जाने की अपील की है. जलस्तर में अचानक वृद्धि होने की स्थिति में लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन के निर्देशों का तत्काल पालन करने को कहा गया है.
ऊंचे स्थान पर जाने की अपील

जिला प्रशासन ने चीन में डैम फटने की सूचना के बाद नेपाल की नारायणी नदी में बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने की आशंका को देखते हुए गंडक नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि की संभावना जताई है. प्रशासन के अनुसार, गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे प्रखंडों के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो सकता है. इसे देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से तत्काल ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर जाने तथा नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की गई है. जिला प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में 24×7 जिला आपातकालीन संचालन केंद्र से संपर्क करने की अपील की है.
अफवाहों से बचें, सिर्फ आधिकारिक सूचना पर भरोसा
जिला प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं को ही सही मानने को कहा गया है. लोगों से अपील की गयी है कि वे पैनिक न करें, लेकिन पूरी सावधानी बरतें.
ये हैं जिला कंट्रोल रूम के नंबर
किसी भी आपात स्थिति या जानकारी के लिए पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है.
जिला कंट्रोल रूम: 06254-247003 06254-247002
प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. आम लोगों से सहयोग करते हुए सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गयी है.
ये भी पढे़ं:
नेपाल में तबाही के बाद बिहार में गंडक का अलर्ट, NDRF- SDRF तैयार; इन जिलों पर खास नजर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए