मैनाटांड़ के वाहन मालिक के नाम गलत ई-चालान, दूसरे बाइक नंबर की गलती से लगा 1000 रुपये जुर्माना
सांकेतिक तस्वीर
यातायात पुलिस की एक छोटी सी चूक के कारण एक वाहन मालिक को गलत ई-चालान की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. बाइक का नंबर गलत दर्ज होने से दूसरे व्यक्ति पर 1000 रुपये का जुर्माना लगा दिया गया है, जिससे वह परेशान है.
West Champaran News: यातायात पुलिस की कथित लापरवाही के कारण मैनाटांड़ के एक वाहन मालिक को गलत ई-चालान की परेशानी झेलनी पड़ रही है. आरोप है कि लौरिया में यातायात पुलिस ने एक स्प्लेंडर बाइक की फोटो लेकर चालान की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन पोर्टल पर नंबर दर्ज करते समय गलती हो गई. इसके चलते दूसरे वाहन मालिक के नाम 1000 रुपये का ई-चालान जारी हो गया.
Mainatand News: गलत नंबर दर्ज होने से दूसरे वाहन मालिक को भेजा चालान
जानकारी के अनुसार लौरिया में यातायात पुलिस ने स्प्लेंडर बाइक संख्या BR22BH7670 की फोटो लेकर चालान की प्रक्रिया शुरू की थी. आरोप है कि पोर्टल पर गलती से BR22BJ7670 नंबर दर्ज हो गया. इसी नंबर के आधार पर इनरवा थाना क्षेत्र के खम्हियां गांव निवासी नौशाद आलम के नाम ई-चालान जारी कर दिया गया.
ई-चालान में दूसरे वाहन की फोटो होने का दावा
वाहन मालिक नौशाद आलम का कहना है कि जिस बाइक का चालान किया गया है, वह उनकी नहीं है. उन्होंने बताया कि ई-चालान में दूसरे वाहन की फोटो लगी हुई है, जबकि नंबर उनके वाहन का दर्ज कर दिया गया. नंबर दर्ज करने में हुई कथित त्रुटि के कारण उन्हें बेवजह परेशानी उठानी पड़ रही है.
चालान निरस्त कराने के लिए कार्यालय के चक्कर
नौशाद आलम के अनुसार गलत ई-चालान जारी होने के बाद उसे निरस्त कराने के लिए वह लगातार डीटीओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं. उनका कहना है कि कई बार प्रयास के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है.
जांच कर गलत चालान रद्द करने की मांग
वाहन मालिक ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने, गलत ई-चालान को तत्काल रद्द करने और नंबर दर्ज करने में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.
ई-चालान प्रणाली पर उठे सवाल
इस मामले के सामने आने के बाद ई-चालान प्रणाली में वाहन नंबर दर्ज करते समय बरती जाने वाली सावधानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. वाहन मालिक का कहना है कि एक अंक या अक्षर की गलती से किसी दूसरे व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: गोविंदगंज में पोखर में डूबने से मां और चार बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रंजीत कुमार पटेल
रंजीत कुमार पटेल ने वर्ष 2020 में पत्रकारिता की शुरुआत की और पश्चिम चंपारण के मैनाटाड़ प्रखंड रिपोर्टर के रुप में प्रभात खबर से जुड़कर क्षेत्रीय पत्रकारिता में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं और सामाजिक सरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाने के कारण वें तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










