शादी की खुशियों में डूबा था परिवार, अचानक हादसे की खबर ने बदल दिया माहौल
क्षतिग्रस्त वाहन
वाल्मीकिनगर में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं जब घर से कुछ किलोमीटर पहले कार और तेज रफ्तार ट्रैक्टर की भीषण भिड़ंत हो गई. इस हादसे में एक ही परिवार के तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें से एक की हालत नाजुक है.
Valmikinagar News: वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भेड़ीहारी चौक पर गुरुवार की दोपहर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रैक्टर और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. घायलों में से एक युवती की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया है.
आपके शहर में
घर से 3 किमी पहले हुआ हादसा
घायलों की पहचान वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी रामेश्वर साह के 35 वर्षीय पुत्र लक्की कुमार, 22 वर्षीय पुत्री बिंदी कुमारी और 18 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, तीनों भाई-बहन निजी कार से बगहा बाजार गए थे और वहां से कपड़े व अन्य सामान की खरीदारी कर अपने गांव लक्ष्मीपुर लौट रहे थे. जैसे ही उनकी कार घर से करीब तीन किलोमीटर पहले भेड़ीहारी चौक के समीप पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी.
सोमवार को तय होनी थी शादी
घायल बिंदी कुमारी के पिता रामेश्वर साह ने बताया कि बिंदी के रिश्ते की बात चल रही थी और आगामी सोमवार को उसे देखने के लिए लड़के वाले (अतिथि) घर आने वाले थे.
रिश्ता पक्का होने के बाद शादी की तिथि तय की जानी थी. इसी सिलसिले में बिंदी अपने भाई लक्की और छोटी बहन प्रियंका के साथ शादी की शुरुआती खरीदारी करने बगहा गई थी. लौटते वक्त हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया है.
ग्रामीणों ने घायलों को निकाला बाहर, जांच में जुटी पुलिस
टक्कर की भीषण आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में फंसे तीनों घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और फौरन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.
सूचना मिलते ही वाल्मीकिनगर थाना पुलिस भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: नेपाल से भटककर पहुंचा गैंडा, ड्रोन ने खोजी लोकेशन, गांव में दहशत का माहौल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए