Narkatiaganj News: पोखरा चौक गोलीकांड का खुलासा, दोस्त के कट्टे से चली गोली, एक गिरफ्तार

घायल रंजीत
नारकोटियागंज पोखरा चौक पर हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. घायल रंजीत को उसके ही साथी सोल्जर की बंदूक से लोड करते वक्त गलती से गोली लग गई थी. मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है और देशी कट्टा बरामद किया गया है.
Narkatiaganj News: शहर के पोखरा चौक पर 27 जुलाई को हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, घायल रंजीत को किसी रंजिश में नहीं, बल्कि उसके साथी उर्फ 'सोल्जर' के हाथों कट्टा लोड करने के दौरान गलती से गोली लगी थी. मामले में घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा बरामद कर सोल्जर को गिरफ्तार कर लिया गया है.
जांच में क्या सामने आया
बुधवार को एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार घटना के समय रंजीत और सोल्जर पोखरा चौक स्थित मंदिर के पास बैठे थे. पुलिस का कहना है कि इसी दौरान सोल्जर देशी कट्टे में गोली लोड कर रहा था. तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली रंजीत की जांघ में लग गई.
गोली चलने के बाद मौके से फरार हुआ आरोपित
पुलिस के अनुसार, गोली चलने के बाद अफरा-तफरी मच गई. सोल्जर घटनास्थल से भाग गया और रास्ते में झाड़ियों में देशी कट्टा छिपा दिया. बाद में वह वापस लौटा और लोगों की मदद से घायल रंजीत को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाने के बाद वहां से फरार हो गया.
पूछताछ के बाद हुआ खुलासा
पुलिस का कहना है कि अस्पताल में रंजीत ने शुरुआत में घटना के संबंध में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में सोल्जर का नाम बताया. इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ में मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया है.
अन्य पहलुओं की भी जांच जारी
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में दो अन्य युवकों से भी पूछताछ की गई है. उनके पास हथियार मिलने की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि मामले का अनुसंधान जारी है. घायल रंजीत, जो फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में इलाजरत है, तथा गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सतीश कुमार पांडेय
सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










