नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन मामले में गिरफ्तार 16 आंदोलनकारी जेल से रिहा

प्रतीकात्मक तस्वीर
नगर में नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन करने वाले 16 आंदोलनकारियों को मंडलकारा से रिहा कर दिया गया है. सरकार के फैसले के बाद सभी की जेल से रिहाई हुई. यह मामला लोक सेवकों पर हमले और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा था.
Bettiah News: नगर में 25 जुलाई को नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए 16 आंदोलनकारियों को बुधवार सुबह मंडलकारा से रिहा कर दिया गया. सरकार के निर्णय के बाद निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी बंदियों को जेल से मुक्त किया गया.
जेल अधीक्षक ने दी रिहाई की जानकारी
मंडलकारा के जेल अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में न्यायिक हिरासत में भेजे गए सभी बंदियों को विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने के बाद रिहा कर दिया गया है.
20 नामजद और 100 से 150 अज्ञात पर दर्ज है प्राथमिकी
प्रदर्शन के दौरान नगर के मोहर्रम चौक पर पुलिस पर कथित पथराव की घटना के संबंध में दंडाधिकारी एवं राज्य कर संयुक्त आयुक्त दिनेश कुमार के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. प्राथमिकी में 20 नामजद तथा 100 से 150 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 युवकों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में मंडलकारा भेज दिया था.
कई गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला
पुलिस के अनुसार आरोपितों के विरुद्ध लोक सेवकों और पुलिसकर्मियों पर प्राणघातक हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालने, कर्तव्य निर्वहन से रोकने, गंभीर चोट पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सरकारी वाहनों एवं उपकरणों में तोड़फोड़, आपराधिक बल प्रयोग, चोरी तथा आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
विधिक कार्रवाई रहेगी जारी
बुधवार को सभी 16 आंदोलनकारियों की रिहाई के साथ इस मामले में जेल में बंद आरोपितों की रिहाई की प्रक्रिया पूरी हो गई. हालांकि दर्ज प्राथमिकी और मामले की जांच तथा अन्य विधिक कार्रवाई संबंधित कानूनी प्रावधानों के अनुसार आगे भी जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवध किशोर तिवारी
अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










