मच्छरगांवा में सफाई मित्रों के लिए खास पहल! नगर पंचायत सभागार में लगा मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, CHC टीम ने की जांच
हेल्थ कैंप में चिकित्सक व अन्य
मच्छरगांवा नगर पंचायत ने सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक दिवसीय मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और दवाएं प्रदान कीं.
Bettiah News: योगापट्टी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मच्छरगांवा नगर पंचायत सभागार में शुक्रवार को स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ कहे जाने वाले सफाई कर्मियों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का आयोजन नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी रीना कुमारी एवं मुख्य पार्षद अश्वनी कुमार के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ. शिविर में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने बारी-बारी से सभी सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य का सघन परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श व दवाएं दीं.
सफाई कर्मियों की सेहत का ध्यान रखना प्रशासन का दायित्व: अधिकारी
शिविर को संबोधित करते हुए नगर पंचायत के अधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मी प्रतिदिन विपरीत परिस्थितियों में रहकर पूरे शहर को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. ऐसे में उनके शारीरिक स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना नगर पंचायत प्रशासन की नैतिक व प्रशासनिक जिम्मेदारी है. इस दौरान "स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत" का प्रेरक संदेश देते हुए उपस्थित कर्मियों से अपील की गई कि वे शहर की सफाई के साथ-साथ अपने व्यक्तिगत स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति भी पूरी तरह सजग रहें.
नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर
सीएचसी के चिकित्सकों ने सफाई कर्मियों का ब्लड प्रेशर, शुगर, सामान्य शारीरिक जांच के साथ मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए. चिकित्सकों ने सफाई के दौरान मास्क, ग्लव्स और अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य उपयोग करने की सलाह दी ताकि संक्रमण के खतरे से बचा जा सके. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी सफाई कर्मियों के कल्याण के लिए इस तरह के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे.
शिविर में कर्मी और सफाई मित्र रहे मौजूद
इस स्वास्थ्य शिविर में कार्यालय सहायक राघवेन्द्र नाथ, रितेश कुमार, सफाई निरीक्षक शशिकांत कुमार, सफाई सुपरवाइजर शुभम कुमार, स्वच्छता साथी राजेश कुमार समेत नगर पंचायत के कई अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे. स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाने वाले सफाई कर्मियों में मुख्य रूप से विजय राउत, रमेश राउत सहित दर्जनों सफाई मित्रों ने भाग लिया और इस पहल की सराहना की.
ये भी पढ़ें: बेतिया में डीएम तरनजोत सिंह की जनसुनवाई में 86 मामलों की सुनवाई, कई शिकायतों का मौके पर समाधान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए