नेपाल से गंडक नदी के रास्ते आई 7.8 टन खेप बरामद, चाइनीज लहसुन समेत डीसीएम जब्त

Updated:
विज्ञापन

चाइनीज लहसुन, गुड़ व पंपकिन सीड्स बरामद

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

वाल्मीकिनगर पुलिस ने गुप्त सूचना पर एक बड़े अवैध तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. गंडक नदी के रास्ते नेपाल से लाई जा रही 7.8 टन चाइनीज लहसुन, कद्दू के बीज और गुड़ की खेप के साथ एक ट्रक जब्त किया गया है. मामले में 7 नामजद तस्करों पर केस दर्ज हुआ है.

विज्ञापन

Valmikinagar News: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सीमा पार तस्करी के अवैध नेटवर्क पर नकेल कसते हुए वाल्मीकिनगर थाने की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पीपरा कुट्टी स्थित वर्मा कॉलोनी के एक गोदाम में छापेमारी कर चाइनीज लहसुन, पंपकिन सीड्स (कद्दू के बीज) और गुड़ की भारी खेप बरामद की है. पुलिस ने मौके से परिवहन में इस्तेमाल हो रहे एक छह चक्का डीसीएम ट्रक को भी जब्त कर लिया है. बरामद की गई कुल सामग्री का वजन 7812 किलोग्राम यानी करीब 7.8 टन आंका गया है. इस मामले में पुलिस ने 7 नामजद तस्करों और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

विज्ञापन

गंडक नदी के रास्ते नेपाल से मंगाई गई थी अवैध खेप

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वाल्मीकिनगर पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि वर्मा कॉलोनी स्थित राजकुमार के गोदाम में भारी मात्रा में अवैध सामान डंप किया गया है, जिसे नेपाल के रास्ते गंडक नदी के सहारे अवैध तरीके से भारतीय सीमा में लाया गया है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त गोदाम पर औचक छापेमारी की. तलाशी के दौरान गोदाम के भीतर डब्ल्यूबी 23पी 5009 नंबर का एक छह चक्का डीसीएम ट्रक खड़ा मिला. वाहन और गोदाम की संयुक्त तलाशी में भारी मात्रा में विदेशी व प्रतिबंधित खाद्य सामग्रियां बरामद हुईं.

7.8 टन वजनी सामान में चाइनीज लहसुन और पंपकिन सीड्स शामिल

पुलिस द्वारा जब्त की गई कुल 7.8 टन सामग्री में मुख्य रूप से 1120 किलोग्राम चाइनीज पंपकिन सीड्स, 1740 किलोग्राम चाइनीज लहसुन और 4952 किलोग्राम गुड़ शामिल है. अंतरराष्ट्रीय बाजार और घरेलू मंडी में इन चाइनीज उत्पादों की खासी मांग और तस्करी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पूरे स्टॉक को अपने कब्जे में ले लिया है. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गोदाम मालिक राजकुमार की मिलीभगत से इस अवैध धंधे को अंजाम दिया जा रहा था.

7 नामजद और 10 अज्ञात पर मामला दर्ज, सीमा शुल्क विभाग को सौंपी गई खेप

इस अवैध कारोबार में संलिप्तता को लेकर पुलिस ने महाराजगंज और आसपास के कई तस्करों को नामजद किया है. प्राथमिकी में सुनील जायसवाल (लालपुर, लक्ष्मीपुर खुर्द, ठूठीबारी), अनिल यादव (लक्ष्मीपुर रेहगहिया, निचलौल), अनूप यादव (गुरली रामगढ़वा, सिसवा बाजार, कोठीभार, महाराजगंज) के साथ-साथ संदीप यादव, मनोज यादव और मंतोष गोरख रौनियार सहित सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. इसके अलावा 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है.

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि तस्करी के इस बड़े नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों की पहचान की जा रही है तथा यह सामग्री कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाया जाना था, इसका भी पता लगाया जा रहा है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने जब्त की गई पूरी सामग्री और वाहन को आगे की विधिसम्मत कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क (कस्टम) विभाग, बेतिया को सुपुर्द कर दिया है.

ये भी पढ़ें: फूल तोड़ते-तोड़ते कुएं में गिरा व्यक्ति, पानी में डूबकर मौत

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन