कृषि यंत्र खरीदने से पहले जान लें योजना, बगहा में किसानों को 50% अनुदान और जैविक खेती पर 75% तक लाभ
समारोह में किसान व अन्य
बगहा तिरुपति चीनी मिल परिसर में आयोजित कृषि यंत्र मेले में 160 किसानों को कृषि यंत्र खरीदने के लिए अनुमति पत्र वितरित किए गए. मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के तहत कृषि यंत्रों पर 50% और जैविक खेती पर 75% तक अनुदान का लाभ मिलेगा.
Bagaha News: बगहा. बगहा तिरुपति चीनी मिल परिसर में शुक्रवार को चीनी मिल एवं गन्ना उद्योग विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कृषि यंत्र मेले का आयोजन किया गया. मेले में चीनी मिल क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया. इस दौरान 160 किसानों को कृषि यंत्र खरीदने के लिए अनुमति पत्र वितरित किया गया. अधिकारियों ने किसानों को कृषि यंत्र खरीद, अनुदान और जैविक खेती से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी.
कृषि यंत्र खरीदने के लिए 160 किसानों को मिला अनुमति पत्र
मेले में किसानों को कृषि यंत्र खरीदने के लिए अनुमति पत्र वितरित किये गये. गन्ना विकास के सहायक निदेशक अभय कुमार शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के तहत कृषि यंत्र की खरीद पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है. योजना के तहत पहले आओ, पहले पाओ की पद्धति अपनायी गयी है.
बिल जमा करने के बाद खाते में भेजी जाएगी अनुदान राशि
अनुमति पत्र प्राप्त करने वाले किसान कृषि यंत्र खरीदने के बाद उसका विपत्र विभागीय पोर्टल पर जमा करेंगे. विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद अनुदान की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी. इससे किसानों को कृषि यंत्र खरीदने में आर्थिक सहायता मिलेगी.
जैविक खेती पर किसानों को मिलेगा 75% तक अनुदान
सहायक गन्ना महाप्रबंधक एनपी सिंह एवं गन्ना प्रबंधक पीयूष राव ने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के तहत जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए 75 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है. एक एकड़ में अधिकतम तीन हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा.
ढैंचा बीज से फेरोमोन ट्रैप तक मिलेगा लाभ
जैविक खेती के लिए किसानों को ढैंचा बीज, कंपोस्ट, वर्मी कंपोस्ट, पीएसबी तथा फेरोमोन ट्रैप समेत अन्य सामग्री पर अनुदान मिलेगा. अधिकारियों ने किसानों से योजना का लाभ उठाकर खेती में जैविक तरीकों को बढ़ावा देने की अपील की.
शरदकालीन गन्ने की बुवाई बढ़ाने की अपील
मेले में अधिकारियों ने किसानों को शरदकालीन गन्ने की अधिक से अधिक बुवाई करने के लिए प्रेरित किया. गन्ना उत्पादन को बेहतर बनाने के साथ कृषि तकनीक और योजनाओं का लाभ लेने पर भी जोर दिया गया. किसानों को उपलब्ध सरकारी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी.
मेले में सहायक गन्ना प्रबंधक आलोक राव, वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक एसपी राय सहित गन्ना विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: फूल तोड़ते-तोड़ते कुएं में गिरा व्यक्ति, पानी में डूबकर मौत
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए