ईश्वर शांति महाविद्यालय के युवा अवसर महोत्सव में सांसद डॉ संजय ने दिया सफलता का मंत्र, 300 युवाओं का चयन

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बेतिया के ईश्वर शांति महाविद्यालय में युवा अवसर महोत्सव के दौरान 300 युवाओं का चयन किया गया. विभिन्न कंपनियों ने कैंपस में चयन प्रक्रिया पूरी की और युवाओं को ज्वाइनिंग लेटर सौंपे. कार्यक्रम में सांसद डॉ संजय जायसवाल ने युवाओं को सफलता का मंत्र दिया.

विज्ञापन

Ishwar shanti College: नौकरी की तलाश में भटक रहे जिले के सैकड़ों युवाओं के लिए मंगलवार का दिन उम्मीद लेकर आया. पश्चिम चंपारण जिले के नौतन प्रखंड के झखरा स्थित ईश्वर शांति महाविद्यालय में आयोजित युवा अवसर महोत्सव में रोजगार के लिए बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पहुंचे. कैंपस सलेक्शन की प्रक्रिया के बाद करीब 300 छात्र-छात्राओं का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया. चयनित अभ्यर्थियों को ज्वाइनिंग लेटर भी दिया गया. कंपनियों की ओर से चयनित युवाओं को करीब 27 हजार रुपये तक मासिक मानदेय दिए जाने का दावा किया गया.

विज्ञापन

रोजगार की तलाश में पहुंचे सैकड़ों युवा, कैंपस में ही हुआ चयन

युवा अवसर महोत्सव में साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स संकाय से स्नातक उत्तीर्ण युवक-युवतियों को रोजगार का अवसर दिया गया. अलग-अलग कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और रुचि के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की. बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने इसमें भाग लिया. चयन के बाद 300 युवाओं को ज्वाइनिंग लेटर मिलने से महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा.

चेन्नई की कैरियर ट्री समेत कई कंपनियों ने लिया इंटरव्यू

रोजगार मेले में चेन्नई की प्रसिद्ध कंपनी कैरियर ट्री समेत विभिन्न कंपनियों ने हिस्सा लिया. कंपनियों ने अपनी जरूरत के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन किया. चयनित युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ उन्हें नौकरी की शर्तों और आगे की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गयी. आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र के स्नातक युवाओं को अपने ही क्षेत्र के नजदीक रोजगार के अवसर तलाशने का मंच मिला.

सांसद बोले- डिग्री जरूरी, लेकिन ज्ञान उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद डॉ संजय जायसवाल ने युवाओं को करियर और जीवन में सफलता के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि करियर के लिए मार्गदर्शन अनेक लोग दे सकते हैं, लेकिन अपना करियर स्वयं बनाना होता है. उन्होंने ज्ञान को डिग्री से सौ गुना अधिक महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि डिग्री योग्यता का वैधानिक मानक है, जबकि ज्ञान उसी बुनियाद पर खड़ी इमारत है. सांसद ने युवाओं से असफलता से निराश नहीं होने और अपनी गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ने की अपील की.

विधायक ने कहा- ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ा अवसर

विधायक नारायण प्रसाद ने कहा कि जिले में पहली बार ईश्वर शांति महाविद्यालय के प्रांगण में कैंपस सलेक्शन के माध्यम से 300 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आयोजन से बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं. उन्होंने आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रबंधन को बधाई दी.

युवाओं को रोजगार से जोड़ना प्राथमिकता : ज्ञानेंद्र शरण

ईश्वर शांति महाविद्यालय के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र शरण ने कहा कि युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसरों से जोड़ना महाविद्यालय की प्राथमिकता है. ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को अपने ही क्षेत्र में कंपनियों और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा अवसर महोत्सव का आयोजन किया गया. उन्होंने कहा कि आगे भी युवाओं के लिए इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किये जाएंगे, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा और योग्यता के अनुरूप बेहतर अवसर मिल सकें.

नौकरी के साथ क्विज और स्काउट-गाइड का भी मौका

कार्यक्रम में रोजगार मेले के अलावा युवा भारत क्विज कॉम्पिटिशन और भारत स्काउट एंड गाइड के निबंधन के लिए अलग-अलग काउंटर भी लगाये गये थे. युवा भारत के अधिकारी शशांक मित्तल ने युवाओं को क्विज कॉम्पिटिशन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी. संचालन प्राचार्या सब्बा खानम और युवा भारत के स्टेट आइकॉन आदित्य मधुकर ने किया. मौके पर महाविद्यालय के सचिव सत्येंद्र शरण, शैलेन्द्र शरण, धीरेंद्र शरण, मन्नू पांडेय, रमेश कुमार गुप्ता, रोहित, रंजन, वर्मा, त्रिलोकी शुक्ल, राज किशोर यादव, रजनीश कुमार मिश्र, उज्ज्वल कुमार पांडेय, रवि गुप्ता, प्रो. संजना पाठक, प्रो. बीएन द्विवेदी, प्रो. दीपक गौतम, प्रो. प्रमोद कुमार सिंह, कुणाल किशोर समेत अन्य मौजूद रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन