घर लौट रहे अनाज कारोबारी को कार ने मारी टक्कर, मौके पर मौत, चालक पकड़ाया

घर लौट रहे अनाज कारोबारी को कार ने मारी टक्कर, मौके पर मौत, चालक पकड़ाया
पश्चिम चंपारण के बलथर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक अनाज व्यवसायी की दर्दनाक मौत हो गई. तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने साइकिल सवार व्यवसायी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
Bettiah Road Accident: पश्चिम चंपारण के बलथर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार अनाज व्यवसायी की मौत हो गई. सोनरा टोला स्थित हाईवे पुल सैनिक रोड के पास तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने घर लौट रहे व्यवसायी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान सिकटा थाना क्षेत्र के भवानीपुर बिचला टोला वार्ड संख्या दो निवासी 48 वर्षीय नौशाद अली उर्फ महतो के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार नौशाद अली अनाज की खरीद-बिक्री का व्यवसाय करते थे और इसी से परिवार का भरण-पोषण करते थे.
बताया गया कि वह अनाज खरीदकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान सोनरा टोला के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी.
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को रोक लिया. ग्रामीणों ने चालक और वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति को पकड़कर बलथर थाना पुलिस के हवाले कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.
वाहन जब्त, चालक से पूछताछ जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया. वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नौशाद अली का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है.
यह भी पढे़ं: Human Trafficking Case: 3 मासूमों की तस्करी नाकाम, अब मां-बेटे को मिली उम्रकैद की सजा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवध किशोर तिवारी
अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










