चंपारण रेंज में अपराधियों पर बड़ा प्रहार दो दिन के विशेष अभियान में 677 गिरफ्तार, 592 भेजे गए जेल
डीआईजी हरकिशोर राय | Prabhat Khabar Network
चंपारण रेंज में पुलिस के दो दिवसीय विशेष अभियान में 677 अपराधी गिरफ्तार किए गए और 592 को जेल भेजा गया। भारी मात्रा में शराब और गांजा भी बरामद हुआ।
--डीआईजी के निर्देश पर मोतिहारी, बेतिया और बगहा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई -- 118 इश्तेहार तामील, 76 कुर्की, शराब-गांजा समेत चोरी के वाहन भी बरामद बेतिया: चंपारण क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक हर किशोर राय के निर्देश पर मोतिहारी, बेतिया और बगहा पुलिस ने दो दिवसीय समकालीन अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. 11 और 12 जुलाई को चले अभियान में तीनों जिलों से कुल 677 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए. इनमें 322 कांडों के अभियुक्त और 355 वारंटी शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपितों में से 592 को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. अभियान के दौरान कांडों के 305 अभियुक्तों और 287 वारंटियों को जेल भेजा गया. वहीं फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 118 इश्तेहारों का तामिला कराया गया तथा 76 मामलों में कुर्की की कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और शराब भी बरामद की. कार्रवाई में 827.9 लीटर देसी शराब, 693.39 लीटर विदेशी शराब, 5.72 किलोग्राम गांजा, 97 ग्राम स्मैक, 9.6 ग्राम ब्राउन शुगर तथा एक देसी कट्टा बरामद किया गया. इसके अलावा चोरी की 13 मोटरसाइकिल, एक ट्रैक्टर, दो मोबाइल फोन और एक गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए. जिलावार कार्रवाई पर एक नजर मोतिहारी में सबसे अधिक 436 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए. इनमें 388 को जेल भेजा गया. यहां 68 इश्तेहारों का तामिला और 29 कुर्की की कार्रवाई हुई. पुलिस ने 3.99 किलोग्राम गांजा, 97 ग्राम स्मैक, 9.6 ग्राम ब्राउन शुगर, 718.9 लीटर देसी शराब, 610.28 लीटर विदेशी शराब, एक देसी कट्टा, नौ चोरी की मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर बरामद किया. बेतिया जिले में 124 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए और सभी को जेल भेजा गया. जिले में 50 इश्तेहारों का तामिला तथा छह कुर्की की कार्रवाई हुई. पुलिस ने 5.68 किलोग्राम गांजा, 99 लीटर देसी शराब, 41.56 लीटर विदेशी शराब, चार चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक गैस सिलेंडर बरामद किया. बगहा पुलिस जिले में 117 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए, जिनमें 80 को जेल भेजा गया. यहां 41 कुर्की की कार्रवाई की गई. पुलिस ने 10 लीटर देसी शराब और 41.55 लीटर विदेशी शराब बरामद की. डीआईजी श्री राय ने बताया कि समकालीन अभियान का उद्देश्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों का निष्पादन, इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाना तथा अपराध और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है. अभियान के दौरान तीनों जिलों की पुलिस ने समन्वित कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसा है .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवध किशोर तिवारी
अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










