बेतिया में युवा आपदा मित्र बनने का सुनहरा मौका: 150 युवाओं को मिलेगा फ्री ट्रेनिंग, रेस्क्यू किट और 3 साल का बीमा

ईश्वर शांति महाविद्यालय | Prabhat Khabar Network
पश्चिम चंपारण जिले के युवाओं के लिए युवा आपदा मित्र बनने का सुनहरा अवसर है. 150 अभ्यर्थियों को मुफ्त प्रशिक्षण, 10 हजार की रेस्क्यू किट और 3 साल का बीमा मिलेगा. 11 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन.
Disaster Mitra Training: पश्चिम चंपारण जिले के स्काउट एवं गाइड से जुड़े छात्र-छात्राओं के लिए युवा आपदा मित्र बनने का एक बेहतरीन अवसर सामने आया है. बिहार राज्य स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में ईश्वर शांति महाविद्यालय, झखरा (नौतन) में निःशुल्क युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है. इस विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए कुल 150 योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा. प्रशिक्षण की शुरुआत से पहले 12 जुलाई 2026, रविवार को दोपहर 12.30 बजे कॉलेज परिसर में एक करियर काउंसिलिंग सेशन भी रखा गया है.
आपदा के समय देवदूत बनेंगे प्रशिक्षित युवा
महाविद्यालय के सचिव सत्येंद्र शरण ने कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किसी भी प्राकृतिक या मानव जनित आपदा के समय प्रशिक्षित युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है. इस ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य जिले में ऐसे जांबाज स्वयंसेवकों की टीम तैयार करना है, जो बाढ़, भीषण आग, सड़क दुर्घटना या अन्य किसी भी आपातकालीन स्थिति के दौरान राहत एवं बचाव कार्य में स्थानीय प्रशासन की तुरंत सहायता कर सकें. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रशिक्षण पूरी तरह से निःशुल्क होगा और इसमें थ्योरी के साथ-साथ व्यावहारिक (प्रैक्टिकल) ट्रेनिंग भी दी जाएगी.
फर्स्ट एड से लेकर रेस्क्यू तक की मिलेगी ट्रेनिंग
महाविद्यालय की प्राचार्य शबा खानम ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संकट के समय जीवन बचाने के कई महत्वपूर्ण गुर सिखाए जाएंगे. इसमें प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), खोज एवं बचाव (सर्च एंड रेस्क्यू), आग से सुरक्षा, राहत कार्य, आपदा प्रबंधन, सामुदायिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता तथा टीम वर्क की बारीकियां शामिल हैं. सबसे खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को सरकार की ओर से रेस्क्यू कार्य करने के लिए 10 हजार रुपये मूल्य तक के जरूरी बचाव उपकरण (रेस्क्यू किट) मुफ्त दिए जाएंगे. इसके साथ ही सभी प्रशिक्षित युवाओं का तीन वर्षों के लिए रेस्क्यू अवधि का बीमा भी कराया जाएगा.
11 जुलाई तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
प्राचार्य ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 11 जुलाई अपराह्न 3 बजे तक गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए अभ्यर्थियों के पास पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, दो पासपोर्ट आकार के फोटो तथा स्काउट-गाइड पहचान पत्र (यदि उपलब्ध हो) होना आवश्यक होगा. कॉलेज प्रशासन ने पश्चिम चंपारण जिले के अधिक से अधिक स्काउट एवं गाइड छात्र-छात्राओं से इस सुनहरे और कल्याणकारी अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










