बेतिया: डीएम के साथ वायरल तस्वीर निकली फर्जी, AI से बनाई गई फोटो

Updated:
विज्ञापन
West Champaran district administration clarifies that a viral photo showing a meeting with the District Magistrate was AI-generated and fake.

सोशल मीडिया पर वायरल हुई कथित तस्वीर और पश्चिम चम्पारण जिला पदाधिकारी

पश्चिम चम्पारण में जिला पदाधिकारी के साथ कथित मुलाकात की वायरल तस्वीर को जिला प्रशासन ने फर्जी करार दिया है. जांच में तस्वीर AI तकनीक से तैयार पाई गई. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

Bettiah News: पश्चिम चम्पारण में जिला पदाधिकारी के साथ कथित शिष्टाचार मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने इसे पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वायरल फोटो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक से तैयार की गई है और इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है.

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद शुरू हुई जांच

जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विजय कुमार यादव (छात्र नेता, आरएलएसवाई कॉलेज एवं भावी पार्षद प्रत्याशी, वार्ड संख्या-36, नौतन) के फेसबुक पेज से जिला पदाधिकारी के साथ मुलाकात से संबंधित कुछ तस्वीरें और पोस्ट साझा की गई थीं. मामले के संज्ञान में आने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल इसकी जांच कराई.

जांच में सामने आया AI का इस्तेमाल

जांच के दौरान यह स्पष्ट रूप से पाया गया कि सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक की मदद से तैयार और संपादित की गई हैं.

प्रशासन ने साफ किया है कि जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह और विजय कुमार यादव के बीच किसी प्रकार की शिष्टाचार मुलाकात नहीं हुई है. वायरल तस्वीरों में किया गया दावा पूरी तरह असत्य पाया गया है.

भ्रामक और तथ्यहीन बताया गया दावा

जिला प्रशासन ने कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरें और उनसे जुड़े दावे पूरी तरह भ्रामक, असत्य और तथ्यहीन हैं. प्रथम दृष्टया मामला फर्जी सामग्री तैयार कर उसे सार्वजनिक मंचों पर प्रसारित करने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

लोगों से सतर्क रहने की अपील

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी तस्वीर, पोस्ट या सूचना पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें. प्रशासन ने कहा कि किसी भी सामग्री की प्रामाणिकता की जांच करना आवश्यक है, ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोका जा सके.

AI के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति AI तकनीक का दुरुपयोग कर फर्जी, भ्रामक या मनगढ़ंत सामग्री तैयार कर सार्वजनिक मंचों पर प्रसारित करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन