बेतिया में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचला, पिता और मासूम बेटी की मौत

प्रतीकात्मक तस्वीर
पश्चिम चंपारण जिले के मनुआपुल थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर आई है, जहां सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में पिता और उनकी साढ़े तीन साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई. दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है.
Bettiah Road Accident: पश्चिम चंपारण जिले के मनुआपुल थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है.यहां सोमवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में पिता और उनकी साढ़े तीन साल की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई.जबकि पांच साल की दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल है.जिसका इलाज गोरखपुर में चल रहा है.मृतकों की पहचान गुरुवलिया शिवाला टोला निवासी खोबारी बैठा के 25 वर्षीय पुत्र निकेश कुमार और उनकी छोटी बेटी के रूप में हुई है.इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
पिता को खाना देकर लौट रहे थे घर,रास्ते में काल बना ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार निकेश कुमार सोमवार की रात करीब 10 बजे सरेह स्थित घर पर अपने पिता को खाना देने गए थे.वहां से खाना देकर वह अपनी दोनों बेटियों को बाइक पर बिठाकर वापस लौट रहे थे.इसी दौरान मनुआपुल-गुरुवलिया सड़क पर एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निकेश और उनकी साढ़े तीन वर्षीय छोटी बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.जबकि उनकी पांच वर्षीय बड़ी बेटी गंभीर रूप से जख्मी हो गई.
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही बड़ी बेटी,पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया है.फिलहाल वहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.इधर घटना की सूचना मिलते ही मनुआपुल थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची.पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक और आरोपी ट्रक को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की जांच शुरू कर दी है.मृतक निकेश के पीछे उनकी पत्नी और एक छोटा बेटा रोते-बिलखते बच गए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










