बगहा: सहयोग शिविर में विवाद, युवक से बहस के दौरान सीओ ने उठाई कुर्सी, वायरल हुआ वीडियो

Updated:
विज्ञापन
Viral video showing a dispute between a Circle Officer and a youth during a Sahayog Camp in Bagaha.

विवाद का वायरल वीडियो की फुटेज

बगहा के मुसहरी गांव में सहयोग शिविर के दौरान सीओ और एक युवक के बीच विवाद का वीडियो वायरल हो गया है. वीडियो में बहस के दौरान कुर्सी उठाने की घटना दिखाई दे रही है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट

Bagaha News: बगहा अनुमंडल के मधुबनी अंचल क्षेत्र स्थित मुसहरी गांव में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में मधुबनी के अंचल अधिकारी (सीओ) नंदलाल राम एक युवक के साथ बहस करते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में सीओ को कुर्सी उठाकर युवक की ओर बढ़ते हुए भी देखा जा सकता है.

सहयोग शिविर के दौरान हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी बात को लेकर सीओ और युवक के बीच कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया. वायरल वीडियो में नाराज सीओ कुर्सी उठाकर युवक की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं.

वहीं युवक भी प्रतिक्रिया स्वरूप कुर्सी उठाने का प्रयास करता दिखाई देता है. हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत करा दिया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.

वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं

स्थानीय सूत्रों का दावा है कि संबंधित युवक एक मीडियाकर्मी है और शिविर के दौरान वीडियो बनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था. हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. बावजूद इसके, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की विभिन्न प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग एक प्रशासनिक अधिकारी के कथित आक्रामक व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कई लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

सहयोग शिविर में जुटे थे लोग

गौरतलब है कि बगहा अनुमंडल के सातों प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में मुसहरी गांव में भी शिविर लगाया गया था, जहां यह विवाद सामने आया.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन