एनएच-28 पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

घटनास्थल पर बाइक की टक्कर व थाना परिसर में पहुंचे ग्रामीण व परिजन
Begusarai News : बछवाड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-28 पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर से भीषण हादसा हुआ. इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Begusarai News : बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रसीदपुर पंचायत स्थित एनएच-28 पर शनिवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवती समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया.
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के महनैया गांव निवासी शिवशंकर झा के लगभग 30 वर्षीय पुत्र विक्रम कुमार तथा पगड़ा गांव निवासी पप्पू राम के लगभग 32 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है.
आमने-सामने की टक्कर में हुआ भीषण हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक बछवाड़ा से दलसिंहसराय की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बाइक दलसिंहसराय से बछवाड़ा की ओर आ रही थी. रसीदपुर गांव के समीप एनएच-28 पर दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे में विक्रम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज कुमार ने इलाज के दौरान दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल में दम तोड़ दिया.
गंगा स्नान के लिए निकले थे विक्रम कुमार
परिजनों ने बताया कि विक्रम कुमार अपने घर महनैया से झमटिया गंगा घाट स्नान के लिए निकले थे. रास्ते में गांव की जुली कुमारी मिल गई, जिसे घर छोड़ने के लिए वह वापस लौट रहे थे. इसी दौरान रसीदपुर के समीप यह हादसा हो गया. दुर्घटना में जुली कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज चल रहा है.
अंतिम संस्कार में जा रहे थे सूरज कुमार
मृतक सूरज कुमार के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक व्यक्ति के निधन के बाद वह अपने साथी गौतम कुमार के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे. रास्ते में रसीदपुर के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई. हादसे में सूरज कुमार की मौत हो गई, जबकि गौतम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस ने दोनों बाइक जब्त कर शुरू की जांच
बछवाड़ा थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना में दोनों बाइक चालकों की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हैं. एक मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा गया है, जबकि दूसरे मृतक का पोस्टमार्टम समस्तीपुर सदर अस्पताल में कराया जाएगा, क्योंकि उसकी मौत दलसिंहसराय में हुई है. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By डबलू कुमार
डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










