बेगूसराय में गुटखा लाने से इनकार करने पर 13 वर्षीय किशोर की चाकू से हत्या, आरोपी फरार
घटना के बाद आक्रोशित लोगों की भीड़
Begusarai News : बेगूसराय के बरौनी में गुटखा लाने से मना करने पर एक 13 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
Begusarai News : फुलवड़िया थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित आलू चट्टी रोड, विश्वकर्मा टोला चौक के पास सोमवार की शाम एक 13 वर्षीय किशोर की चाकू से वार कर हत्या कर दी गयी. मृतक की पहचान बरौनी नगर परिषद क्षेत्र के शोकहारा-1, वार्ड संख्या 16 के रौशन टोला निवासी मो. अफजल के 13 वर्षीय पुत्र मो. फैजान के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों में आक्रोश व्याप्त है. पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
आपके शहर में
गुटखा लाने और रुपये देने से इनकार पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम करीब चार बजे आरोपी युवक ने फैजान से गुटखा लाने के लिए कहा और इसके लिए 10 रुपये की मांग की. फैजान ने उसकी मांग का विरोध किया. इसी बात को लेकर आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर उसके बायीं ओर गर्दन पर वार कर दिया. चाकू लगने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया.

घर पहुंचने के बाद अस्पताल ले जाने के दौरान मौत
घायल फैजान किसी तरह अपने घर पहुंचा. इसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाने का प्रयास किया. हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. घटना मृतक के घर से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर आलू चट्टी रोड से विश्वकर्मा टोला जाने वाले रास्ते के मुख्य चौक के पास हुई.
शव के साथ जाम लगाने का किया प्रयास
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने करीब पांच मिनट तक मिरचैया चौक पर शव के साथ सड़क जाम करने का प्रयास किया. हालांकि, स्थानीय प्रशासन की सूझबूझ से तत्काल जाम हटवा दिया गया. इसके बाद फुलवड़िया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
फुलवड़िया थानाध्यक्ष विजय सहनी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गयी है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस घटना के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
एसपी और डीएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की. पूछताछ में स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक कथित तौर पर बदमाश प्रवृत्ति का है और सूखे नशे का आदी होने के साथ इसके कारोबार में भी संलिप्त बताया जाता है. डीएसपी ने घटना की जानकारी एसपी बेगूसराय मनीष को दी.
प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ, एफएसएल टीम को जांच का निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी बेगूसराय मनीष भी घटनास्थल पर पहुंचे और विभिन्न पहलुओं की जांच की. उन्होंने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक पहले से ही घटनास्थल के पास मौजूद था. फैजान एक जनरल स्टोर की दुकान पर बिस्कुट खरीदने गया था. इसी दौरान आरोपी ने उससे गुटखा लाने और 10 रुपये देने की मांग की. विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और गर्दन पर चाकू से वार कर दिया.
एसपी ने घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी निर्देशित किया है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है.
Also Read : राजद नेता सुशील कुमार ने शोकाकुल परिवारों से की मुलाकात, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए