रंधीर यादव हत्याकांड में पुरानी रंजिश का एंगल, पुलिस खंगाल रही आपराधिक इतिहास
विलाप करते परिजन | Prabhat Khabar Network
Begusarai News : बिहार के डंडारी में रंधीर यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या. पुरानी रंजिश और कुख्यात हरेराम हत्याकांड से जुड़ा है मामला, पुलिस जांच में जुटी.
Begusarai News : डंडारी थाना क्षेत्र के राजोपुर गांव में गुरुवार को 42 वर्षीय रंधीर यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुरानी रंजिश का एंगल सामने आ रहा है. स्थानीय पुलिस भी इसी बिंदु को केंद्र में रखकर जांच कर रही है. वहीं, मृतक के परिजन पुलिस प्रशासन से न्याय की उम्मीद लगाए हुए हैं. हत्या के बाद पीड़ित परिवार समेत पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
आपके शहर में
कुख्यात अपराधी की हत्या मामले में मृतक था नामजद
परिजनों के अनुसार, वर्ष 2025 में राजोपुर गांव के छठ घाट पर कुख्यात बदमाश हरेराम पासवान उर्फ हरैया की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इस चर्चित हत्याकांड में मृतक रंधीर यादव भी नामजद अभियुक्त था. हालांकि, पुलिस अनुसंधान में रंधीर यादव की संलिप्तता नहीं मिलने के बाद हरेराम हत्याकांड से उसका नाम हटा दिया गया था. परिजनों का कहना है कि घटना के दिन रंधीर जिला से बाहर था.
गुरुवार को मृतक के भाई रणवीर यादव ने आरोप लगाया कि करीब पांच माह पूर्व भी दोनों भाइयों पर कुख्यात हरेराम पासवान के पुत्र ने गोली चलायी थी. इस घटना में दोनों भाई बाल-बाल बच गये थे. रणवीर यादव ने आरोप लगाया कि उनके भाई रंधीर यादव की हत्या पुरानी रंजिश का ही परिणाम है.
ताश खेलने के बहाने बुलाकर बगीचे में मारी गोली
बताया जाता है कि गुरुवार को रंधीर यादव को अपराधियों ने ताश खेलने के बहाने राजोपुर गांव स्थित एक बगीचे में बुलाया था. वहां अपराधियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलते ही डंडारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे भी बरामद किये हैं.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
डंडारी पुलिस का कहना है कि हत्याकांड की बारीकी से जांच की जा रही है. घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन करने का दावा किया है.
Also Read : नवादा: वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त करने की मांग, कांग्रेस सेवादल ने किया धरना-प्रदर्शन
अपराधियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
हत्याकांड में शामिल अपराधियों की धरपकड़ के साथ पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. इस क्रम में संभावित आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है. थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है.
उन्होंने बताया कि राजोपुर गांव में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर भी पुलिस तत्परता से काम कर रही है. गांव में पुलिस लगातार गश्त कर रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.
गम और आक्रोश के बीच हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद मृतक रंधीर यादव का अंतिम संस्कार गम और आक्रोश के बीच किया गया. वहीं, मृतक के परिजन अब भी पुलिस प्रशासन से न्याय की आस लगाए हुए हैं. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है.
Also Read : गोविंदपुर चौक और दरमनियां बाजार की सड़क बदहाल, हाइस्कूल के छात्र-छात्राओं को होती परेशानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए