गोविंदपुर चौक और दरमनियां बाजार की सड़क बदहाल, हाइस्कूल के छात्र-छात्राओं को होती परेशानी

Updated:
विज्ञापन

गोविंदपुर शहर की बदहाल सड़क.

गोविंदपुर चौक से लेकर दरमनियां बाजार तक की मुख्य सड़कें बदहाल हो चुकी हैं. जलजमाव और कीचड़ के कारण राहगीरों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले छात्रों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नई नाली के निर्माण के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है.

विज्ञापन

Govindpur Road : गोविंदपुर चौक से अस्पताल से लेकर दरमनियां बाजार की ओर जाने वाली मुख्य सड़क बदहाल हो गयी है. इसी पथ पर हाइस्कूल भी है. सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण राहगीरों के साथ छात्र-छात्राओं का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोग गंदे पानी और कीचड़ से होकर आते-जाते हैं. हल्की बारिश हाेने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. गोविंदपुर चौक पर बसे घरों एवं दुकानों से निकलने वाले गंदा पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर बह रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

नयी नाली के निर्माण से भी खत्म नहीं हुई समस्या

हालांकि समस्या के समाधान को लेकर बीडीओ कुमार शैलेंद्र, थानाध्यक्ष विजय कुमार एवं तत्कालीन अंचलाधिकारी संजीव कुमार के प्रयास से पंचायती राज विभाग द्वारा गोविंदपुर चौक पर करीब 100 फुट नयी नाली का निर्माण कराया गया है. इससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन नाली का निर्माण पर्याप्त दूरी तक नहीं होने के कारण जल निकासी की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है. नतीजतन चौक के आसपास का गंदा पानी अब भी सड़क पर बह रहा है.

गोविंदपुर चौक की स्थिति | Prabhat Khabar Network
गोविंदपुर चौक पर स्थित सड़क पर फैला कीचड़.

ध्वस्त हो गया नाला, नहीं निकल पा रहा पानी

बताया जाता है कि गोविंदपुर-बरेव मुख्य सड़क के निर्माण के दौरान संवेदक मेसर्स सुरेंद्र एंड कंपनी द्वारा सड़क के किनारे नाली का निर्माण कराया गया था. लेकिन कई वर्ष बीत जाने के कारण नाली पूरी तरह मिट्टी, कचरा और गाद से भर चुकी है. जल निकासी बाधित होने के कारण नाली का पानी सड़क पर फैल रहा है. नाली की सफाई कराने के उद्देश्य से इसके ऊपर बने ढक्कन को जेसीबी के माध्यम से तोड़वाया भी गया था, ताकि नाली के अंदर जमा गाद एवं कचरे को निकाला जा सके. इसके बावजूद समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पाया.

इस पथ पर है अस्पताल व हाइस्कूल

अस्पताल, हाइस्कूल सहित गोविंदपुर डीह और सकरी नदी पार बसे गांव महाबरा सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की ओर यह सड़क जाती है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी, मरीज और उनके परिजन इस मार्ग से आवागमन करते हैं. ऐसे में सड़क की बदहाली का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है.

दरमनियां बाजार की भी सड़क खस्ताहाल

दरमनियां बाजार में भी जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से दुकानदारों के साथ-साथ राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि गोविंदपुर चौक से अस्पताल रोड तक जल निकासी के लिए पर्याप्त दूरी तक नयी नाली का निर्माण कराया जाए, पुरानी नाली की सफाई कराने के साथ सड़क का पक्कीकरण जरूरी है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन