नवादा में धूमधाम से मना जा रहा रक्षाबंधन, भाइयों की कलाई पर सजी रंग-बिरंगी राखियां, बहनों ने मांगी लंबी उम्र की दुआ
राखी बांधने के बाद भाई, बहन के साथ
नवादा में रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम के साथ धूमधाम से मनाया गया. घरों में सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गईं और बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर प्रेम की डोर बांधी. इस अवसर पर विशेष उत्साह बच्चों और विवाहित बहनों में भी देखने को मिला.
Raksha Bandhan : नवादा. जिले में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व उत्साह, उमंग और भाई-बहन के अटूट प्रेम के साथ धूमधाम से मनाया गया. सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गयी थीं. नई पोशाक में सजी बहनें राखी की थाल लेकर भाइयों के पास पहुंचीं और उनकी कलाई पर प्रेम व विश्वास की डोर बांधी. घरों में पूजा-अर्चना के साथ मिठाइयों की खुशबू से पूरे माहौल में त्योहार की रौनक देखने को मिली.
आपके शहर में
बहनों ने भाइयों को तिलक लगाया और आरती उतारने के बाद उनकी कलाई पर रंग-बिरंगी राखियां बांधी. इस दौरान बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की. राखी बंधवाने के बाद भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार देकर इस रिश्ते की खुशी को दोगुना किया.
नन्हीं बहनों में भी दिखा खास उत्साह
रक्षाबंधन को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला. कई घरों में छोटी बच्चियां पूरे उत्साह के साथ अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती नजर आयीं. राखी बांधने के बाद नन्हीं बहनों ने भाइयों को मिठाई खिलायी और उनसे उपहार भी लिये. उनके मासूम अंदाज ने परिवार के लोगों का ध्यान आकर्षित किया.
परिवारों में भाई-बहनों ने एक साथ बैठकर त्योहार की खुशियां साझा कीं. कई जगहों पर सुबह से ही रिश्तेदारों के आने-जाने का सिलसिला शुरू हो गया था. इस दौरान घरों में पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना कर रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया.
मायके पहुंचीं विवाहित बहनें, बाजारों में रही भीड़
रक्षाबंधन को लेकर विवाहित बहनों में भी विशेष उत्साह रहा. दूर-दराज के क्षेत्रों से कई बहनें अपने मायके पहुंचीं और भाइयों की कलाई पर राखी बांधी. लंबे समय बाद भाई-बहन के मिलन से घरों में खुशी का माहौल रहा. बहनों ने भाइयों को राखी बांधकर उनके सुखी और सुरक्षित जीवन की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनका स्वागत किया.
बाजारों में चहल-पहल बनी है
इधर, रक्षाबंधन को लेकर नवादा शहर सहित जिले के प्रमुख बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल बनी रही. राखी, मिठाई, कपड़े और उपहार की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आयी. बहनें अपने भाइयों के लिए पसंदीदा राखियां खरीदती दिखीं, जबकि भाइयों ने भी बहनों के लिए उपहार और मिठाइयां खरीदीं.
डिजाइन और रंगों वाली राखियों की मांग
बाजारों में अलग-अलग डिजाइन और रंगों वाली राखियों की मांग रही. वहीं मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही. पर्व को लेकर दुकानदारों ने पहले से ही तैयारी कर रखी थी.
बहनों का कहना था कि रक्षाबंधन सिर्फ राखी बांधने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और अपनत्व को मजबूत करने का अवसर भी है. राखी के इस पवित्र बंधन के साथ दोनों एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहने और रिश्ते की मजबूती बनाए रखने का संकल्प लेते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए