बेगूसराय की बलान नदी में स्नान करने गए इंटर के छात्र की डूबने से मौत, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
घटनास्थल पर लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
Begusarai News : वीरपुर के गेनहरपुर में बलान नदी में नहाने गए इंटर के छात्र की डूबने से मौत हो गई. छात्र अपने मौसा के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Begusarai News : वीरपुर थाना क्षेत्र के गेनहरपुर गांव में अपनी मौसी के यहां रहकर पढ़ाई कर रहे इंटर के एक छात्र की सोमवार को बलान नदी में स्नान करने के दौरान डूबने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान छौड़ाही थाना क्षेत्र के एजनी पड़ोड़ा निवासी सीताराम महतो के 17 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार के रूप में की गयी है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है.
आपके शहर में
दोस्तों के साथ जयमंगला घाट पर स्नान करने गया था गौरव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गौरव कुमार सोमवार की दोपहर अपने कई दोस्तों के साथ बलान नदी के जयमंगला घाट पर स्नान करने गया था. इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगाकर खोजबीन शुरू की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
नदी की उड़ाही के बाद बने गड्ढों से बढ़ा खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि बलान नदी की उड़ाही के दौरान नदी में कई फीट तक गहरे गड्ढे बन गये हैं. वर्तमान में नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण यह पता नहीं चल पाता कि कहां गड्ढा है और कहां समतल जमीन. ग्रामीणों का कहना है कि नदी में बने गहरे गड्ढों के कारण स्नान करने वालों के लिए खतरा बढ़ गया है.
Also Read : महंगाई और छात्र-नौजवानों पर हमले के खिलाफ बेगूसराय में भाकपा ने किया पुतला दहन
मौसी के घर रहकर पढ़ाई करता था गौरव
स्थानीय लोगों के अनुसार, गौरव बचपन से ही अपने मौसा लक्ष्मी महतो के यहां रहकर पढ़ाई करता था. वह रामपुर प्लस टू विद्यालय का छात्र था और वर्ष 2027 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होने वाला था. ग्रामीणों ने बताया कि गौरव पढ़ाई में मेधावी होने के साथ ही काफी शालीन स्वभाव का था. उसकी असमय मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं.
माता-पिता और मौसा-मौसी का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही गौरव के माता-पिता, मौसा-मौसी और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गौरव दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था. घटना के बाद उसके पैतृक गांव और गेनहरपुर स्थित मौसी के घर दोनों जगह मातम पसरा रहा. परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद वीरपुर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस द्वारा घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : बेगूसराय में तीन दिन से लापता तीन वर्षीय मासूम का नहीं मिला सुराग, डॉग स्क्वायड ने भी की तलाश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए