बेगूसराय: बरौनी में सेप्टिक टैंक की सेंट्रिंग खोलने उतरे 4 लोग जहरीली गैस से बेहोश, 2 की हालत नाजुक; निजी अस्पताल में भर्ती

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल पर जुटे लोग | Prabhat Khabar Network

बरौनी के गढ़हरा में सेफ्टी टैंक की सेंटिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस से चार मजदूर बेहोश हो गए। दो की हालत नाजुक बनी हुई है, अस्पताल में इलाज जारी है।

विज्ञापन

Begusarai News: जिले के बरौनी प्रखंड अंतर्गत गढ़हरा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 में मंगलवार की सुबह बड़ा हादसा होते-होते बचा. उर्दू प्राथमिक विद्यालय के समीप एक नवनिर्मित सेप्टिक टैंक की सेंट्रिंग (लकड़ी का ढांचा) खोलने के दौरान जहरीली गैस के रिसाव के कारण चार लोग टैंक के अंदर ही अचेत होकर गिर पड़े. घटना के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से चारों को बाहर निकाला गया, जिनमें से दो लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में चार लोग हुए अचेत

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार कारी पासवान के घर में नवनिर्मित सेप्टिक टैंक की लकड़ी की सेंट्रिंग खोलने के लिए मजदूर शंकर कुमार अंदर उतरा था. टैंक के भीतर जमा जहरीली गैस की चपेट में आने से शंकर अचानक अचेत होकर गिर पड़ा. उसे बचाने के लिए गृहस्वामी कारी पासवान नीचे उतरे, लेकिन वे भी गैस के असर से बेहोश हो गए. इसके बाद दोनों को बाहर निकालने के प्रयास में उतरे स्थानीय युवक मो. रिजवी और मो. आकिब भी जहरीली गैस की चपेट में आकर अंदर ही गिर पड़े.

ग्रामीणों ने साहस दिखाकर निकाला बाहर, दो की हालत गंभीर

चार लोगों के टैंक में अचेत होने की खबर मिलते ही मोहल्ले में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई. स्थानीय निवासी अनिल पंडित सहित आसपास के ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए रस्सियों और सुरक्षा उपायों के सहारे एक-एक कर चारों को बाहर निकाला. प्राथमिक उपचार के बाद मो. रिजवी और मो. आकिब को होश आ गया, जबकि गंभीर रूप से प्रभावित कारी पासवान और शंकर कुमार को तुरंत इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का सघन उपचार चल रहा है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना पर गढ़हरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. गढ़हरा थानाध्यक्ष जितेंद्र राम ने बताया कि सभी प्रभावितों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और स्थिति पूरी तरह सामान्य व नियंत्रण में है. पुलिस मामले के सभी तकनीकी व सुरक्षा पहलुओं की छानबीन कर रही है.

Also Read: बेगूसराय: बलिया में 4 दिनों से लापता 3 वर्षीय जीशान की तलाश में SDRF ने खंगाला तालाब, नालों की भी हुई जांच; अब तक सुराग नहीं


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन