बेगूसराय: बलिया में 4 दिनों से लापता 3 वर्षीय जीशान की तलाश में SDRF ने खंगाला तालाब, नालों की भी हुई जांच; अब तक सुराग नहीं

Updated:
विज्ञापन

लापता जीशान की खोज करते एसडीआरएफ | Prabhat Khabar Network

बलिया के लखमिनियां से चार दिन से लापता तीन वर्षीय जीशान की तलाश में एसडीआरएफ ने तालाब और नालों की छानबीन की, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

विज्ञापन

Begusarai News: जिले के बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लखमिनियां के वैदाबाग मोहल्ले से शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 3 वर्षीय मासूम मोहम्मद जीशान की तलाश में मंगलवार को व्यापक खोज अभियान चलाया गया. बच्चे का सुराग लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम को मैदान में उतारा, जिसने मोहल्ले के समीप स्थित तालाब में घंटों सघन सर्च ऑपरेशन चलाया. एसडीआरएफ के गोताखोरों द्वारा तालाब के चप्पे-चप्पे को खंगालने के बावजूद मासूम का कोई सुराग नहीं मिल सका.

आपके शहर में

विज्ञापन

नाले के ढक्कन हटवाकर कराई गई जांच, पुलिस ने गठित की विशेष टीम

थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार की पहल पर नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी अनिशा कुमारी के निर्देश पर नगर परिषद के सफाईकर्मियों की टीम ने मोहल्ले के सभी प्रमुख ढके हुए नालों के स्लैब व ढक्कन हटाकर गहनता से जांच की. मंगलवार को दिनभर चले इस संयुक्त रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन के बाद भी मासूम का पता न चलना पुलिस और स्थानीय प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है.

4 दिनों से लापता है मासूम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

वैदाबाग निवासी मोहम्मद सिराज का तीन वर्षीय पुत्र मोहम्मद जीशान शनिवार की सुबह घर के बाहर खेलते समय अचानक गायब हो गया था. घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है. मासूम के नहीं मिलने से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मोहल्ले के लोग भी मासूम के इस तरह अचानक गायब होने से स्तब्ध और चिंतित हैं.

'जल्द बरामदगी के लिए बनाई गई विशेष टीम': थानाध्यक्ष

"लापता बालक की तलाश के लिए नगर परिषद के माध्यम से सभी नालों की सफाई और जांच कराई गई है. साथ ही पास के तालाब में एसडीआरएफ टीम से घंटों सर्च ऑपरेशन कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस आसपास के तमाम इलाकों, सीसीटीवी फुटेज और संभावित रास्तों पर लगातार छानबीन कर रही है. बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई है और जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा." — शैलेन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष, बलिया

Also Read: बेगूसराय: सिमरिया घाट पर शराब के नशे में शवयात्रियों से उलझा BSAP जवान, जमकर हुई मारपीट; पुलिस ने जवान को भेजा जेल


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन