बेगूसराय: सिमरिया घाट पर शराब के नशे में शवयात्रियों से उलझा BSAP जवान, जमकर हुई मारपीट; पुलिस ने जवान को भेजा जेल

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल में इलाजरत घायल   | Prabhat Khabar Network

सिमरिया घाट पर शराब के नशे में धुत पुलिस जवान और शव यात्रियों के बीच जमकर मारपीट हुई। आरोपी जवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पूरी घटना जानें यहाँ।

विज्ञापन

Begusarai News: जिले के चकिया थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल सिमरिया गंगा तट (रिवर फ्रंट) पर सोमवार की रात उस समय अफरातफरी और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब शवदाह और जल प्रवाह करने आए शवयात्रियों और सुरक्षा में तैनात बीसैप (BSAP) जवानों के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस मारपीट की घटना में एक शवयात्री तथा एक बीसैप जवान घायल हो गए.

आपके शहर में

विज्ञापन

घायल शवयात्री की पहचान छोटू कुमार के रूप में हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है.

शराब के नशे में वर्दी का धौंस दिखाने का आरोप, बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों एवं प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिमरिया धाम की सुरक्षा में तैनात बीसैप का एक जवान अपने दो अन्य साथियों के साथ सिविल ड्रेस में रिवर फ्रंट पर मौजूद था. इसी दौरान श्मशान घाट से अंतिम संस्कार कर लौट रहे शवयात्रियों के साथ किसी बात को लेकर कहा-सुनी हो गई.

आरोप है कि नशे की हालत में जवान द्वारा अभद्र व्यवहार और वर्दी का धौंस दिखाए जाने के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई. इसके बाद जवान ने पुलिस पिकेट से अन्य साथियों को बुला लिया, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई.

न्यायिक हिरासत में जवान को भेजा गया

घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. चकिया थानाध्यक्ष गौतम कुमार दास ने बताया कि आरोपित बीसैप जवान इंद्रजीत कुमार का तुरंत सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया. जांच रिपोर्ट में जवान के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई. मद्यनिषेध कानून और मारपीट के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित जवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

दरभंगा के शवयात्री ने दर्ज कराई प्राथमिकी

घटना के बाद शवयात्रा में शामिल दरभंगा जिले के श्रीरामपुर निवासी प्रवीण चौधरी के लिखित आवेदन पर चकिया थाने में कांड संख्या 90/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की सघन जांच कर रही है.

'दोषी जवान पर हो रही सख्त कानूनी कार्रवाई': डीएसपी

"सिमरिया धाम में सुरक्षा बल के जवान द्वारा शवयात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है. मेडिकल जांच में जवान के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है. आरोपित जवान के खिलाफ मद्यनिषेध कानून एवं अन्य धाराओं के तहत सुसंगत कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे जेल भेजा गया है." — कुमारी दुर्गाशक्ति, डीएसपी (DSP), सदर-2, बेगूसराय

Also Read: बेगूसराय: बरौनी में पार्क निर्माण के नाम पर पेड़ों की अवैध कटाई और सड़कों पर फ्लाई ऐश गिराने से आक्रोश, डीएम से कार्रवाई की मांग


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन