नप बीहट: जनसमस्याओं को लेकर मंत्री से मिले उपमुख्य पार्षद, सौंपा मांग पत्र
नगर परिषद कार्यालय बीहट.
Begusarai News : उप मुख्य पार्षद ने मंत्री नीतीश मिश्रा से समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए व्यापक योजना बनाकर जल्द कार्य शुरू कराने का आग्रह किया.
Begusarai News : नगर परिषद बीहट की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान को लेकर उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार ने सोमवार को नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात कर विस्तृत मांग पत्र सौंपा. उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे.
कई वार्डों में लंबे समय से जलजमाव की समस्या
ऋषिकेश कुमार ने बताया कि नगर परिषद के कई वार्डों में लंबे समय से जलजमाव और सीवरेज की समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए व्यापक योजना बनाकर जल्द कार्य शुरू कराने का आग्रह किया.
उन्होंने वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लंबित भुगतान, नए पेंशन आवेदनों के त्वरित निष्पादन तथा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के लंबित भुगतान जारी करने एवं पात्र लाभुकों के नए आवेदनों को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग भी रखी.
कचरा निष्पादन समेत कई मांगों को रखा
मांग पत्र में नगर क्षेत्र के पुराने कुओं के जीर्णोद्धार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए आधुनिक कचरा निष्पादन प्लांट की स्थापना तथा कबीर अंत्येष्टि योजना की सहायता राशि मृतकों के परिजनों को बिना विलंब उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया.
चौक-चौराहों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने की मांग
इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्र के 20 प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर स्थायी शुद्ध पेयजल केंद्र स्थापित करने की मांग की गई, ताकि आम नागरिकों और राहगीरों को वर्षभर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके.
नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने मांग पत्र के सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए