साहेबपुरकमाल में रेलवे ट्रैक और NH-31 पर दौड़ी मौत, दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत

Published by : Nikhil Anurag Updated At : 03 Jun 2026 3:19 PM

विज्ञापन

शोकाकुल पीड़ित परिवार

Begusarai News: बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग हादसों में दो परिवारों के चिराग बुझ गए. पहली घटना बरौनी-कटिहार रेलखंड पर हुई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से 37 वर्षीय मजदूर रंजन महतो की मौत हो गई. वहीं, दूसरी घटना एनएच-31 पर ससुराल जा रहे 35 वर्षीय युवक को अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया.

विज्ञापन

Begusarai News: (अजय कुमार की रिपोर्ट) बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में काल बनकर आए दो हादसों ने दो हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां छीन लीं. पहला दर्दनाक हादसा बरौनी-कटिहार रेलखंड पर साहेबपुरकमाल रेलवे स्टेशन के पूर्व स्थित रेलवे गुमटी के समीप हुआ. यहाँ ट्रेन की चपेट में आने से एक मजदूर की कटकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

मृतक की पहचान सनहा पूर्वी पंचायत के सनहा डीह (वार्ड संख्या-1) निवासी जयचंद महतो के 37 वर्षीय पुत्र रंजन महतो के रूप में की गई है. ग्रामीणों ने बताया कि रंजन कोलकाता में रहकर मजदूरी करता था और परिवार का भरण-पोषण करता था. वह अपने काम पर वापस लौटने के लिए ही घर से निकला था. लेकिन घर से निकलने के महज दो घंटे बाद ही परिजनों को उसकी मौत की खबर मिली. मृतक अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है.

ससुराल जा रहे युवक को एनएच-31 पर अज्ञात ट्रक ने रौंदा

वहीं, दूसरी हृदयविदारक घटना एनएच-31 पर साहेबपुरकमाल बस स्टैंड के समीप घटित हुई. यहाँ एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से दूसरे युवक की सांसें थम गईं. मृतक की पहचान संदलपुर पंचायत के छोटे संदलपुर (वार्ड संख्या-5) निवासी अश्वनी प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र धनराज कुमार के रूप में हुई है.

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, धनराज कुमार अपने ससुराल खगड़िया जा रहा था. वह कुरहा से ऑटो रिक्शा पर सवार होकर साहेबपुरकमाल बस स्टैंड पहुंचा था. ऑटो से उतरने के बाद वह आगे जाने के लिए रेलवे स्टेशन की तरफ पैदल ही सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान सड़क पर तेज गति से आ रहे एक अज्ञात अनियंत्रित ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया.

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, जांच में जुटी पुलिस

एनएच पर दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल धनराज को तुरंत उठाकर इलाज के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

इधर, दोनों हादसों की बैक-टू-बैक सूचना मिलते ही साहेबपुरकमाल थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया गया है. पुलिस दोनों ही मामलों में अज्ञात वाहन और घटना के कारणों की सघन जांच में जुट गई है. इन दो मौतों से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

Also Read: खान सर की कोचिंग पर हमले का वीडियो देखिए, गार्ड से मारपीट, तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ते दिखे हमलावर

विज्ञापन
Nikhil Anurag

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन