बेगूसराय: सरकारी जमीन पर धड़ल्ले से मिट्टी कटाई, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

Updated:
विज्ञापन

सरकारी परती जमीन में अवैध खनन को दिखाते किसान | Prabhat Khabar Network

चकवा गांव में सरकारी जमीन पर जेसीबी से धड़ल्ले से मिट्टी कटाई का आरोप लगा है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है. भाजपा मंडल अध्यक्ष ने मामले की जांच की मांग की है.

विज्ञापन

Begusarai News: खोदावंदपुर, बेगूसराय. खोदावंदपुर प्रखंड की फफौत पंचायत के चकवा गांव में सरकारी परती जमीन पर कथित रूप से अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफिया जेसीबी मशीन से लगातार मिट्टी की कटाई कर रहे हैं, लेकिन शिकायत के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गयी है.

जेसीबी से मिट्टी कटाई का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, अवैध खनन के दौरान बगल के किसान राम बिलास महतो के पुत्र राम आशीष महतो ने जेसीबी मशीन से खेत की मिट्टी कटाई करवा ली. इससे दूसरे किसान की फसल को नुकसान पहुंचने का भी आरोप है. ग्रामीणों ने सरकारी जमीन से मिट्टी कटाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है.

अंचल और थाने में दी शिकायत

चकवा गांव निवासी स्व. लक्ष्मी महतो के पुत्र विकास कोभारती ने बताया कि सरकारी जमीन पर कथित अवैध खनन और खेत को हुए नुकसान को लेकर अंचल अधिकारी और खोदावंदपुर थाना में लिखित शिकायत दी गयी है. उनका आरोप है कि शिकायत के बाद भी अब तक कोई अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण करने नहीं पहुंचे हैं.

जांच नहीं हुई तो करेंगे शिकायत

भाजपा मंडल अध्यक्ष सह किसान विकास भारती ने कहा कि यदि स्थानीय प्रशासन जल्द मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई नहीं करता है, तो उच्च अधिकारियों से शिकायत की जायेगी. ग्रामीणों ने सरकारी भूमि पर हो रहे कथित अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

सीओ से नहीं हो सकी बातचीत

इस संबंध में अंचल अधिकारी का पक्ष जानने के लिए उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी. उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जायेगा.


विज्ञापन
Rajesh Kumar

लेखक के बारे में

By Rajesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन