बेगूसराय एनएच-31 पर दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट, छात्र को फिल्मी अंदाज में घेरकर बेरहमी से पीटा

Updated:
विज्ञापन

CCTV में कैद तस्वीर

Begusarai Crime News : बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एनएच-31 पर अपराधियों ने खुलेआम तांडव मचाते हुए एक छात्र का पीछा कर उस पर हमला कर दिया. बाइक सवार बदमाशों ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा करते हुए पांच राउंड फायरिंग की और बाद में छात्र को घेरकर बेरहमी से पीटा.

विज्ञापन

Begusarai Crime News : (विकाश मिश्रा) बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एनएच-31 पर अपराधियों ने खुलेआम तांडव मचाते हुए एक छात्र का पीछा कर उस पर हमला कर दिया. बाइक सवार बदमाशों ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा करते हुए पांच राउंड फायरिंग की और बाद में छात्र को घेरकर बेरहमी से पीटा. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

जान बचाने के लिए भागते रहे छात्र और उसके साथी

घायल छात्र की पहचान लाखो गांव निवासी सिकंदर महतो के पुत्र धनंजय कुमार के रूप में हुई है. धनंजय आरसीएस कॉलेज मंझौल में स्नातक सेमेस्टर-5 का छात्र है. उसने बताया कि वह अपने भाई और दो दोस्तों के साथ बिहार ग्रामीण बैंक से लौट रहा था. डीपीएस स्कूल के पास पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन हथियार देखकर वे तेजी से आगे निकल गए.

पीछा करते हुए बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग

धनंजय के अनुसार बाइक सवार अपराधियों ने पीछा करते हुए एनएच-31 पर लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दीं. हाईवे पर करीब एक किलोमीटर तक फायरिंग होती रही. जान बचाने के लिए युवक ग्रामीण सड़क की ओर मुड़ गए, लेकिन वहां पहले से पीछा कर रहे बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया.

ईंट-पत्थर से हमला कर छात्र को किया लहूलुहान

घेरने के बाद बदमाशों ने धनंजय को पकड़ लिया और ईंट-पत्थरों से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया. मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसी दौरान उसने अपने भाइयों को फोन कर घटना की जानकारी दी.

ग्रामीणों के पहुंचते ही भागने लगे बदमाश, एक गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे. खुद को घिरता देख बदमाश बाइक छोड़कर भागने लगे. इसी दौरान ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ लिया. गिरफ्तार युवक की पहचान आदित्य कुमार के रूप में हुई है. मौके से अपराधियों की दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं.

पुलिस ने बरामद किया कारतूस और खोखा

नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है. सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने भी नगर थाना पहुंचकर मामले की जांच की. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

पुराने विवाद को लेकर हुई वारदात

घायल छात्र धनंजय कुमार ने बताया कि करीब 10 दिन पहले विशनपुर निवासी मृत्युंजय, सोनू और उनके साथियों से फोन पर विवाद और गाली-गलौज हुई थी. इस मामले में पहले भी थाना में आवेदन दिया गया था. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन