बेगूसराय में भूमिहीन परिवारों को मिलेगी 3 से 5 डिसमिल जमीन, आवेदन के लिए पटना जाने की जरूरत नहीं
जानकारी देते डीएम रिची पांडेय | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय में भूमिहीन और वासभूमि रहित परिवारों को 3 से 5 डिसमिल जमीन मिलेगी. 'अभियान बसेरा-02' के तहत पात्रों को जमीन उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही, राजस्व समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे.
बेगूसराय डीएम रिची पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा भूमिहीन एवं वासभूमि रहित सुयोग्य परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ‘अभियान बसेरा-02’ के तहत जिले में की जा रही कार्रवाई एवं निर्धारित लक्ष्यों की विस्तृत जानकारी दी गई.
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान बसेरा-02 के अंतर्गत आगामी 20 नवंबर 2026 को पूरे राज्य में 30 हजार बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पात्र भूमिहीन एवं वासभूमि रहित परिवारों को नियमानुसार वासभूमि उपलब्ध कराई जाएगी.
इसके अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के पात्र भूमिहीन परिवारों को न्यूनतम 3 डिसमिल से अधिकतम 5 डिसमिल तक वासभूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है. इसके लिए सभी संबंधित अंचल अधिकारियों एवं राजस्व पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पात्र लाभुकों का चिह्नीकरण, आवश्यक जांच एवं बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरा करने का निर्देश दिया गया है.
पंचायत स्तर पर लगेंगे शिविर, राजस्व समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान बसेरा-02 को केवल बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरण तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि आम लोगों की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे. इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा राजस्व पदाधिकारियों का रोस्टर तैयार किया जा रहा है.
इसके तहत संबंधित राजस्व पदाधिकारी नियमित रूप से पंचायतों का भ्रमण करेंगे. पंचायत स्तर पर शिविर एवं विशेष अभियान आयोजित कर राजस्व संबंधी समस्याओं, क्षतिग्रस्त जमाबंदी के सुधार तथा निःशुल्क भूमि मापी जैसे कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों की व्यापक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें.
जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील
जिलाधिकारी ने आमजनों के साथ-साथ जिले के सभी जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि ‘अभियान बसेरा-02’ के संबंध में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं प्रावधानों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि जिले के पात्र भूमिहीन एवं वासभूमि रहित परिवार इस अभियान का लाभ उठा सकें.
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से पंचायत एवं गांव स्तर पर अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वास्तविक रूप से पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी.
जिलाधिकारी श्री पांडेय ने आमजनों से अपील करते हुए स्पष्ट किया कि ‘अभियान बसेरा’ के लिए आवेदन संबंधित अंचल कार्यालय में ही जमा किया जाना है. इसके लिए किसी भी व्यक्ति को पटना स्थित राज्य मुख्यालय अथवा किसी अन्य स्थान पर जाने की आवश्यकता नहीं है.
उन्होंने आम नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा किसी भी प्रकार के बहकावे या भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने की अपील की.
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा लोगों को दिग्भ्रमित कर अभियान के नाम पर पटना ले जाने अथवा अनावश्यक रूप से परेशान करने का मामला सामने आता है, तो ऐसे तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिलेगा लाभ
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि अभियान बसेरा-02 का लाभ वास्तविक रूप से पात्र एवं भूमिहीन परिवारों तक पूरी तरह पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे.
इसके साथ ही पंचायत स्तर पर राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान की व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें. इस अवसर पर अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी सहित अन्य संबंधित जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए