तीन माह से पेयजल संकट झेल रहे चार वार्डों के ग्रामीणों ने बीडीओ से लगाई गुहार, जल्द समाधान का मिला आश्वासन

Updated:
विज्ञापन
फोटो:बीडीओ को आवेदन देते युवा समाजसेवी | Prabhat Khabar Network

बीडीओ को आवेदन देते युवा समाजसेवी. | Prabhat Khabar Network

Amarpur Drinking Water Crisis : अमरपुर प्रखंड के चार वार्डों में पिछले तीन महीनों से भीषण पेयजल संकट बना हुआ है. हर घर जल योजना ठप होने और चापाकल सूख जाने से ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों ने बीडीओ से मिलकर जल्द समाधान की मांग की है.

विज्ञापन

Amarpur Drinking Water Crisis : अमरपुर प्रखंड की भिखनपुर पंचायत के चार वार्डों में पिछले तीन महीने से पेयजल संकट गहराया हुआ है. हर घर जल योजना बंद रहने और चापाकलों के जवाब दे देने से ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बीडीओ को आवेदन देकर जल्द समाधान की मांग की है.

तीन माह से पानी के लिए परेशान हैं ग्रामीण

अमरपुर प्रखंड की भिखनपुर पंचायत के वार्ड संख्या 3, 10, 12 और 13 के ग्रामीण शनिवार को युवा समाजसेवी बिपिन कुमार ठाकुर के नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय पहुंचे. ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रभात रंजन को लिखित आवेदन सौंपकर पंचायत में गहराए पेयजल संकट से अवगत कराया और अविलंब समस्या के समाधान की मांग की.

हर घर जल योजना भी तीन माह से ठप

युवा समाजसेवी बिपिन कुमार ठाकुर ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण जलस्तर नीचे चला गया है, जिससे अधिकांश चापाकल पानी देना बंद कर चुके हैं. वहीं बिहार सरकार की सात निश्चय योजना के तहत संचालित हर घर जल योजना भी पिछले तीन माह से बंद पड़ी है. इसके कारण सैकड़ों परिवारों के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है.

लोगों के साथ पशु भी हो रहे परेशान

ग्रामीणों का कहना है कि स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोगों के साथ-साथ पशुओं के लिए भी पीने का पानी जुटाना मुश्किल हो गया है. पानी के लिए लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

बिपिन कुमार ठाकुर ने बताया कि उन्होंने कई बार पीएचईडी विभाग को समस्या से अवगत कराया और जलापूर्ति बहाल करने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.

बीडीओ ने जल्द समाधान का दिया भरोसा

बीडीओ प्रभात रंजन ने बताया कि ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हो गया है. आवेदन को आवश्यक कार्रवाई के लिए पीएचईडी विभाग को भेजते हुए समस्या का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल कर ग्रामीणों को राहत दिलाई जाएगी.


विज्ञापन
प्रीतम कुमार

लेखक के बारे में

By प्रीतम कुमार

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन