सेहरा बांधे मंदिर में इंतजार करता रहा दूल्हा, प्रेमी संग रफूचक्कर हुई दुल्हन

सेहरा बांधे मंदिर में इंतजार करता रहा दूल्हा, प्रेमी संग रफूचक्कर हुई दुल्हन
शंभुगंज के उल्टा महादेव मंदिर में होनी थी शादी, खुशियां गम व सनसनी में बदली
शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार, 27 जनवरी 2026 को प्रेम-प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सामाजिक मर्यादाओं को तार-तार कर दिया. जिस घर से डोली उठनी थी, वहां से दुल्हन के फरार होने की खबर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. एक तरफ दूल्हा मंदिर में सात फेरों के लिए सेहरा बांधकर दुल्हन का इंतजार करता रहा, तो दूसरी तरफ हाथों में मेहंदी रचाई दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फुर्र हो गयी.मिली जानकारी के अनुसार, शंभुगंज की एक युवती की शादी मुंगेर जिले के रघुनाथपुर निवासी अमित कुमार के साथ तय हुई थी. परिजनों ने बड़े ही अरमानों के साथ शादी की तैयारियां की थीं. विवाह के लिए तारापुर स्थित सुप्रसिद्ध उल्टा महादेव मंदिर को चुना गया था. तय कार्यक्रम के अनुसार, दूल्हा बारात लेकर मंदिर पहुंच गया. शादी की रस्में शुरू होने ही वाली थीं कि अचानक दुल्हन के लापता होने की खबर आयी. काफी देर तक जब दुल्हन मंदिर नहीं पहुंची, तो पता चला कि वह शंभुगंज के छतहार गांव निवासी अपने प्रेमी विकास कुमार के साथ भाग गयी है.
परिजनों ने लगाया अपहरण का आरोप
जैसे ही दुल्हन के भागने की खबर मंदिर परिसर में फैली, वहां मौजूद बारातियों व सराती पक्ष के बीच अफरा-तफरी मच गयी. दूल्हा पक्ष खुद को ठगा सा महसूस करने लगा. लड़की के परिजनों ने काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो वे बदहवास होकर शंभुगंज थाना पहुंचे. परिजनों ने पुलिस को बताया कि विकास कुमार ने युवती को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है. यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग इसे आधुनिक प्रेम व पुरानी परंपराओं के बीच का एक कड़वा टकराव मान रहे हैं.
पुलिस की कार्रवाई
मामले में फिलहाल परिजनों द्वारा मौखिक जानकारी दी गयी है. पुलिस लिखित शिकायत का इंतजार कर रही है. आवेदन मिलते ही मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और युवती की बरामदगी के लिए छापेमारी शुरू की जाएगी. – बबलू कुमार, पुनि सह थानाध्यक्ष, शंभुगंज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




