सावन की दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा इलाका

Updated:
विज्ञापन

जलाभिषेक करने के बाद मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं की भीड़.

Sawan Somwari 2026 : सावन मास की दूसरी सोमवारी पर शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. भक्त गंगाजल, दूध और बेलपत्र से जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं. मंदिरों में भक्तिमय माहौल और हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं.

विज्ञापन

Sawan Somwari 2026 : देवाधिदेव महादेव के प्रिय मास सावन की दूसरी सोमवारी पर सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों और शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा. हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर और आसपास का पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. शिवभक्तों ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की.

प्रमुख शिवालयों में सुबह से लगी भक्तों की कतार

सीमावर्ती झारखंड के सिंघेश्वर नाथ मंदिर, कष्टहरनाथ मंदिर, पंजवारा स्थित गढ़ीनाथ मंदिर, पंजवारा अस्पताल के समीप नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, शिवपुरी पैर पहाड़ स्थित शिव मंदिर और विक्रमपुर मोड़ स्थित मंदिर समेत अन्य प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही.

सुबह से ही भक्त मंदिरों में पहुंचने लगे थे. कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को कतार में लगकर भगवान शिव का दर्शन और जलार्पण करते देखा गया.

गंगाजल, दूध और बेलपत्र से हुआ जलाभिषेक

शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ को गंगाजल, बेलपत्र, दूध, दही, शहद, मिठाई, भांग और धतूरा अर्पित किया. इसके बाद विधि-विधान से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की गयी. श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना की.

मंदिरों के बाहर दिखा मेले जैसा नजारा

दूसरी सोमवारी को मंदिरों के बाहर भी उत्सवी माहौल देखने को मिला. पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर चहल-पहल बनी रही. पूजा के बाद लोगों ने आसपास लगी दुकानों पर खरीदारी भी की, जिससे मंदिरों के आसपास मेले जैसा नजारा दिखाई दिया.

व्रत रखकर मांगी मनोकामना

कई श्रद्धालुओं ने दूसरी सोमवारी पर भगवान शिव के लिए व्रत रखा. भक्तों ने पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के बाद भोलेनाथ से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की. महिलाओं और पुरुषों के साथ युवाओं में भी सावन की सोमवारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.

जयकारों से दिनभर शिवमय रहा वातावरण

सावन की दूसरी सोमवारी पर क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में सुबह से लेकर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. मंदिरों में गूंजते हर-हर महादेव के जयकारों और पूजा-अर्चना के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिभाव में डूबा नजर आया.


विज्ञापन
गौरव कश्यप

लेखक के बारे में

By गौरव कश्यप

गौरव कश्यप प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पंजवारा (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन