बांका मंडी में अनाज के भाव स्थिर, दाल-तेलहन में तेजी; सावन में फलों के दाम दोगुने से ज्यादा
मंडी की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
Banka Mandi Price : बांका की मंडियों में सोमवार को अनाज की आवक सामान्य रहने से भाव स्थिर रहे. वहीं, दलहन, तेलहन और मसालों में तेजी देखी गई. सावन माह के कारण फलों की मांग बढ़ी, जिससे केला, आम, अमरूद, सेब और नारंगी जैसे फलों के दाम दोगुने से भी ज्यादा हो गए हैं.
Banka Mandi Price : बांका की मंडियों में सोमवार को व्यापारियों, किसानों और आमलोगों की मिली-जुली भीड़ रही. खाद्यान्न की आवक सामान्य रहने के कारण बाजार में अनाज के भाव में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ. गेहूं, मक्का, चावल समेत कई प्रमुख खाद्यान्नों की कीमतें लगभग स्थिर रहीं, जबकि दलहन, तेलहन और मसालों में तेजी देखी गयी. दूसरी ओर सावन माह को लेकर फलों की मांग बढ़ने से केला, आम, अमरूद, सेब और नारंगी समेत कई फलों के दाम दोगुने से अधिक हो गये हैं.
सामान्य आवक से अनाज के भाव पर नहीं पड़ा बड़ा असर
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार फिलहाल मंडी में खाद्यान्न की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है. यही वजह है कि प्रमुख अनाजों के भाव में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया. हालांकि आने वाले दिनों में खाद्यान्न समेत अन्य जिंसों की कीमतों में तेजी के संकेत मिल रहे हैं. व्यापारियों और किसानों की नजर अब मौसम के साथ मंडी में होने वाली आवक पर टिकी हुई है.
दाल-तेलहन में तेजी, आलू-प्याज के भाव में उतार-चढ़ाव
शहर की व्यवसायिक मंडी में आवक के अनुसार विभिन्न जिंसों के भाव में बदलाव हो रहा है. स्थानीय मंडी के मुताबिक दलहन, तेलहन, सरसों और मसाला समेत कई खाद्य वस्तुओं के दाम में तेजी है. वहीं गेहूं, मक्का, आलू और प्याज की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है.
कारोबारियों का कहना है कि माल ढुलाई का खर्च बढ़ने का सीधा असर बाजार भाव पर पड़ रहा है. लंबी दूरी से आने वाले सामान और ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण थोक से लेकर खुदरा व्यापारियों तक को अधिक परिवहन खर्च उठाना पड़ रहा है.
सावन में फलों के दाम ने बढ़ायी परेशानी
सावन माह में फलों की मांग बढ़ने के कारण बाजार में इनके दाम में काफी तेजी आयी है. कारोबारियों के अनुसार केला, आम, अमरूद, सेब और नारंगी समेत कई फलों की कीमत पहले की तुलना में दोगुनी से भी ज्यादा हो गयी है. जिन फलों की कीमत पहले 50 से 100 रुपये प्रति किलो के आसपास थी, उनमें कई अब लगभग दोगुनी कीमत पर बिक रहे हैं.
आज के प्रमुख मंडी भाव
बांका मंडी में सोमवार को गेहूं 2600 से 2650 रुपये, मक्का 2100 से 2150 रुपये और मंसूरी चावल 3250 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल रहा. अरवा मोटा चावल 3100 से 3250 रुपये तथा बासमती चावल 12500 से 13500 रुपये प्रति क्विंटल बिका.
मसूर दाल 6000 से 6550 रुपये, मूंग दाल 9540 से 9600 रुपये, अरहर दाल 11500 से 15000 रुपये, गोटा चना 6200 से 6400 रुपये और गोटा मूंग 8500 से 9000 रुपये प्रति क्विंटल रहा. पीली सरसों 7300 से 7550 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों तेल 15 लीटर 2070 से 2470 रुपये में बिका.
आलू का भाव 1200 से 1450 रुपये और प्याज का भाव 3800 से 3900 रुपये प्रति क्विंटल रहा. आने वाले दिनों में मौसम और मंडी में आवक की स्थिति से इन कीमतों में बदलाव होने की संभावना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मदन कुमार
मदन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










