बांका में बालू माफियाओं का दुस्साहस: खनन टीम और पुलिस पर पत्थरों-डंडों से हमला; गाड़ियां और JCB तोड़ी, 28 पर FIR
बांका में जिला खनन टीम और पुलिस पर कथित बालू माफियाओं ने हमला कर दिया. इस हमले में सरकारी गाड़ियां और जेसीबी क्षतिग्रस्त हो गईं. मामले में 28 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.
बांका. अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची जिला खनन टीम और पुलिस पर सोमवार को कथित बालू माफियाओं ने हमला कर दिया. सदर थाना क्षेत्र के लकड़ीकोला में हुई घटना के दौरान पत्थर और डंडों से हमला किया गया, जिसमें खनन विभाग और बांका थाना की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गयीं. हमलावरों ने फंसे हुए ट्रैक्टर को निकालने के लिए मौके पर पहुंची जेसीबी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और उसके चालक का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गये. मामले में 28 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
अवैध खनन की सूचना पर लकड़ीकोला पहुंची थी टीम
विभागीय जानकारी के अनुसार लकड़ीकोला क्षेत्र में अवैध बालू खनन की सूचना मिलने के बाद जिला खनन टीम छापेमारी करने पहुंची थी. कार्रवाई के दौरान टीम ने दो ट्रैक्टर जब्त किये. जब्त वाहनों को थाना लाया जा रहा था.
नदी से ट्रैक्टर निकालने के दौरान फंसे वाहन
बताया गया कि नदी से ट्रैक्टर निकालने के दौरान चालकों ने दोनों में से जब्त ट्रैक्टर को फंसा दिया. इसके बाद खनन टीम ने जेसीबी की मदद से फंसे ट्रैक्टर को निकालने का प्रयास शुरू किया.
इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गये और टीम के साथ विवाद शुरू हो गया.
30 से 40 लोगों ने पत्थर-डंडों से किया हमला
विभागीय अधिकारियों के अनुसार करीब 30 से 40 की संख्या में अवैध खननकर्ताओं और कथित बालू माफियाओं ने खनन टीम तथा मौके पर पहुंची बांका थाना पुलिस पर पत्थर और डंडों से हमला कर दिया. हमले में खनन विभाग और थाना की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गयीं. हमलावरों ने फंसे ट्रैक्टर को निकालने के लिए पहुंची जेसीबी को भी नुकसान पहुंचाया. विभागीय अधिकारी के अनुसार जेसीबी चालक का मोबाइल फोन भी लेकर हमलावर फरार हो गये.
वीडियो के आधार पर दर्ज करायी गयी प्राथमिकी
घटना के बाद खनन टीम ने जब्त ट्रैक्टरों की कार्रवाई के दौरान बनायी गयी वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर बांका थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी. विभाग की ओर से अवैध खनन के कारण हुई राजस्व क्षति के लिए 4.24 लाख रुपये का दंड भी अधिरोपित किया गया है.
28 नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ केस
थाना और स्थानीय लोगों की मदद से अवैध खनन तथा खनन टीम पर हमले में शामिल लोगों की पहचान की गयी. इसके आधार पर 28 नामजद बालू माफियाओं समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस अब प्राथमिकी में नामजद आरोपितों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है.
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी
खनिज विकास पदाधिकारी बलवंत कुमार ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है. वहीं पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए