बांका के कटोरिया में मंदार प्रगति सेवा फाउंडेशन का वार्षिक समारोह: गोल्डन दास बोले- 'दो रोटी कम खाएं, बच्चों को पढ़ाएं'; 24 को दिल्ली कूच का आह्वान
कटोरिया में मंदार प्रगति सेवा फाउंडेशन ने शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया. मुख्य अतिथि गोल्डन दास ने 24 सितंबर को दिल्ली में आरक्षण रक्षा के लिए होने वाले जन आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया.
कटोरिया (बांका). कटोरिया हाईस्कूल मैदान में रविवार को मंदार प्रगति सेवा फाउंडेशन का वार्षिक समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया. समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति-पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बहुजन समाज के लोगों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक और स्थानीय लोग मौजूद रहे. मुख्य अतिथि बहुजन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह युवा नेता गोल्डन दास रहे. मंच पर पहुंचने पर आयोजकों और समर्थकों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर भेंट कर, माल्यार्पण और बुके देकर उनका स्वागत किया.
आरक्षण की रक्षा को लेकर 24 सितंबर को दिल्ली पहुंचने की अपील
समारोह को संबोधित करते हुए गोल्डन दास ने आगामी 24 सितंबर को दिल्ली में आरक्षण की रक्षा को लेकर आयोजित जन आंदोलन में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रावण के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए बहुजन समाज को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए.
भाजपा सरकार पर आरक्षण को लेकर साधा निशाना
गोल्डन दास ने भाजपा सरकार पर आरक्षण के मुद्दे को लेकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि जब से देश में भाजपा की सरकार आयी है, तब से आरक्षण पर लगातार प्रहार हो रहा है. उन्होंने यूजीसी कानून को लेकर भी अपनी बात रखी.
उन्होंने बहुजन समाज के लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा, "जैसे आप अपनी बेटी-बहन की रक्षा करते हैं, वैसे ही अपने वोट की भी रक्षा कीजिए." उन्होंने महिलाओं और अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की.
दो रोटी कम खाएं, लेकिन बच्चों को पढ़ाएं
गोल्डन दास ने कहा कि बहनों को अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए और माताओं को बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए. उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव और सशक्तिकरण का सबसे बड़ा हथियार बताया.
उन्होंने कहा कि कमजोर व्यक्ति को लाठी के बल पर हराया जा सकता है, लेकिन मजबूत व्यवस्था और मजबूत सोच का मुकाबला कॉपी और कलम से ही किया जा सकता है. उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन और संविधान निर्माण का उल्लेख करते हुए शिक्षा की ताकत पर जोर दिया.
उन्होंने कहा कि यदि बहुजन समाज अगले 20 वर्षों तक अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दे और उन्हें बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराए तो आने वाले समय में समाज के हर घर में आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर नजर आएंगे.
शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों एवं अन्य लोगों को प्रशस्ति-पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. सम्मानित होने वालों में मिथिलेश कुमार, रंजन कुमार, दिवाकर कुमार, संजय कुमार, दिनेश कुमार, नरसिंह, रामदेव, सोनू, मुकेश, अजय, रंधीर, सुधीर, बबीता, सुनील कुमार, विनोद कुमार, राहुल, बबलू, जितेंद्र, जयशंकर, पंकज, मनोज, विकास और रवींद्र सहित अन्य लोग शामिल रहे.
कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और समाज को संगठित करने पर जोर दिया गया. वक्ताओं ने युवाओं और विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया.
कार्यक्रम के बाद कटोरिया बाजार में रोड-शो
वार्षिक समारोह के समापन के बाद गोल्डन दास ने अपने समर्थकों के साथ कटोरिया बाजार में रोड-शो किया. इस दौरान समर्थकों में उत्साह देखा गया.
आयोजन में इन लोगों की रही भूमिका
कटोरिया हाईस्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता बालेश्वर दास ने की. आयोजन को सफल बनाने में मंदार प्रगति सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष मो. सईम उद्दीन, सचिव अरविंद कुमार, उपचेयरमैन प्रतिनिधि फकरे आलम, पूर्व जिला पार्षद टुनटुन दास, भीम आर्मी के बैजनाथ दास, पंसस मनोज कुमार दास, बजरंगी भारती, मुन्ना कुमार तारा, संजय भारती, मीर अख्तर अली, विजय आनंद, पंकज कुमार उर्फ पप्पू, भीष्म नारायण, विवेक रंजन, मुफ्ती मो. मुस्तकिम अहमद, इकरामुल हक सहित अन्य लोगों ने अहम भूमिका निभायी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए