ठनका ने रेफरल अस्पताल को पहुंचाया नुकसान, जांच मशीन समेत कई उपकरण क्षतिग्रस्त, लाखों की क्षति का अनुमान

Updated:
विज्ञापन

बौंसी रेफरल अस्पताल परिसर . | Prabhat Khabar Network

Lightning Strike : ठनका की चपेट में आया बौंसी का रेफरल अस्पताल, सीबीसी मशीन, यूपीएस, सीसीटीवी समेत कई उपकरण हुए खाक. बारिश से छत भी टपकने लगी, जिससे मरीजों को भारी परेशानी हुई. समय रहते बड़ी जनहानि टल गई, लेकिन लाखों के नुकसान का अनुमान है.

विज्ञापन

Lightning Strike : अस्पताल प्रशासन के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने से सीबीसी जांच मशीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इसके अलावा जांच कक्ष में लगे तीन बड़े और दो छोटे यूपीएस भी खराब हो गए. अस्पताल परिसर में स्थापित दो दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे, आधा दर्जन एयर कंडीशनर, दर्जनों पंखे, वाई-फाई नेटवर्क से जुड़े उपकरण तथा अन्य विद्युत संसाधनों को भी नुकसान पहुंचा है.

बारिश से टपकने लगी अस्पताल की छत

मूसलाधार बारिश के कारण अस्पताल भवन की छत कई स्थानों से टपकने लगी. इससे भर्ती मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ा. अस्पताल प्रशासन क्षतिग्रस्त उपकरणों और भवन को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन करने में जुटा है.

हाल ही में हुआ था मरम्मत कार्य

उल्लेखनीय है कि हाल ही में जिला परिषद मद से लगभग 15 लाख रुपये की लागत से अस्पताल परिसर में मरम्मत, विद्युत वायरिंग और अन्य विकास कार्य कराए गए थे. घटना के बाद इन कार्यों की स्थिति का भी निरीक्षण किया जा रहा है.

घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी हुए प्रभावित

आकाशीय बिजली का असर केवल अस्पताल तक सीमित नहीं रहा. नगर पंचायत और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कई घरों के टीवी, फ्रिज, इनवर्टर, पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने की सूचना मिली है. प्रभावित लोगों ने प्रशासन से क्षति का सर्वे कर उचित मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

रात में हुई घटना, टली बड़ी जनहानि

राहत की बात यह रही कि घटना देर रात हुई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही घटना दिन के समय होती, तो अस्पताल में मरीजों और कर्मियों की अधिक मौजूदगी के कारण बड़ा हादसा हो सकता था.


विज्ञापन
संजीव कुमार

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन