चांदन डैम में स्नान के दौरान सात वर्षीय बच्ची डूबी, मौत से गांव में पसरा मातम
छानबीन करती पुलिस टीम | Prabhat Khabar Network
कटोरिया प्रखंड के चांदन डैम में रविवार को स्नान करने गई सात साल की एक बच्ची की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसर गया है और बच्ची के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
कटोरिया (बांका). कटोरिया प्रखंड के कोल्हासार पंचायत अंतर्गत दोगच्छा गांव के समीप स्थित चांदन डैम में रविवार को स्नान करने के दौरान गहरे पानी में डूबने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी. हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया. वहीं बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृत बच्ची दोगच्छा गांव स्थित अपने नानी घर में रहकर पढ़ाई-लिखाई करती थी.
स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गयी बच्ची
जानकारी के अनुसार रविवार को बच्ची गांव के ही रिश्ते में नाना के साथ गाय चराने के लिए बहियार गयी थी. इसी दौरान चांदन डैम में स्नान करने के क्रम में वह अचानक गहरे पानी में चली गयी और डूब गयी.
बच्ची के डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे. लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बच्ची को पानी से बाहर निकाला. इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए जयपुर स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर ले जाया गया.
जयपुर से कटोरिया अस्पताल लाया गया
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर जयपुर में चिकित्सक के मौजूद नहीं रहने के कारण केंद्र में तैनात एएनएम की ओर से उपलब्ध करायी गयी एंबुलेंस से बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया लाया गया.
कटोरिया अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार एवं डॉ. शैलजानंद शुक्ला ने बच्ची की जांच की. जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम
मृत बच्ची की पहचान बौंसी थाना क्षेत्र के ललमटिया गांव निवासी मुंशी किस्कू एवं सादमुनि हांसदा की सात वर्षीय पुत्री पूनम किस्कू के रूप में हुई है. बताया गया कि पूनम दोगच्छा गांव स्थित अपने नानी घर में रहकर पढ़ाई करती थी. घटना की जानकारी मिलने के बाद नानी बहामुनी हेंब्रम, मामा रवींद्र हांसदा, मौसा अभय कुमार सिन्हा समेत अन्य परिजन कटोरिया अस्पताल पहुंचे. बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी.
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर ली घटना की जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर कटोरिया थाना के अवर निरीक्षक पंकज कुमार पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. पुलिस पदाधिकारी ने घटना की जानकारी ली और परिजनों से मामले के संबंध में पूछताछ की. परिजनों ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए