कटोरिया में मंत्री दीपक प्रकाश का स्वागत, पंचायत चुनाव की तारीख पर बोले- निर्वाचन आयोग करेगा निर्धारण
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कटोरिया में जनप्रतिनिधियों और समर्थकों का गर्मजोशी से स्वागत प्राप्त किया. उन्होंने दिवंगत पूर्व विधायक स्व. सुरेश प्रसाद यादव को श्रद्धांजलि दी और पत्रकारों से बातचीत में पंचायत चुनाव की तारीख पर निर्वाचन आयोग के अधिकार पर जोर दिया.
कटोरिया (बांका). कटोरिया स्थित एसएसपी यादव इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश का जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान समर्थकों ने मंत्री के समर्थन में नारे लगाये. जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने माल्यार्पण कर उन्हें बुके भेंट किया और अभिनंदन किया.
पूर्व विधायक स्व. सुरेश प्रसाद यादव को दी श्रद्धांजलि
मंत्री दीपक प्रकाश ने कॉलेज परिसर में स्थापित दिवंगत राज्य मंत्री सह कटोरिया के पूर्व विधायक स्व. सुरेश प्रसाद यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया. कटोरिया से मधेपुरा जाने के दौरान व्यस्त कार्यक्रम के बीच मंत्री का काफिला कुछ देर के लिए कटोरिया कॉलेज में रुका था.
पंचायत चुनाव की तारीख निर्वाचन आयोग करेगा तय
इसके बाद कटोरिया में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पंचायत चुनाव की तिथि को लेकर पूछे गये सवाल पर मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से परिसीमन का कार्य कराया जा रहा है. ऐसे में फिलहाल चुनाव की तिथि बताना संभव नहीं है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि परिसीमन और चुनाव की तिथि निर्धारित करने का अधिकार निर्वाचन आयोग का है. पंचायती राज विभाग की ओर से आयोग को आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है, ताकि चुनाव से संबंधित तैयारियां बेहतर तरीके से पूरी की जा सकें.
सठियारी और असनघट्टा नदी पर पुल निर्माण की मांग
मनियां पंचायत के सठियारी गांव निवासी सौरभ कुमार ने मंत्री को आवेदन देकर मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सठियारी नदी और असनघट्टा नदी पर पुल निर्माण कराने की मांग की. आवेदन में पुल के अभाव में ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों का भी उल्लेख किया गया है.
पंचायत सरकार भवन के लिए भूमि अनुमोदन की मांग
डोमसरणी पंचायत की मुखिया अनीता देवी ने पंचायत सरकार भवन के निर्माण को लेकर मंत्री दीपक प्रकाश को आवेदन दिया. उन्होंने पंचायत सरकार भवन के लिए दोबारा चिह्नित भूमि का जिला प्रशासन से जल्द अनुमोदन कराने की मांग की.
बताया गया कि पहले बिहारोतरी में भूमि चिह्नित की गयी थी, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की ओर से वहां आपत्ति दर्ज करायी गयी. इसके बाद पंचायत सरकार भवन के लिए दूसरी जमीन चिह्नित किये जाने और उसके शीघ्र अनुमोदन की मांग की गयी है.
मंत्री के आगमन से समर्थकों में दिखा उत्साह
मंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया. कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि दिनेश कुमार यादव, उपप्रमुख सुरेंद्र प्रसाद उर्फ पप्पू यादव, पूर्व प्रमुख बबलू कुमार, पूर्व मुखिया सच्चिदानंद यादव, प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार, दामोदरा पैक्स अध्यक्ष गुड्डु यादव, प्राचार्य अरुणदेव यादव, मुखिया प्रतिनिधि अखिलेश्वर यादव, दामोदर रजक, उच्चेश्वर ठाकुर, मेघनारायण तांती, कुलदीप तांती, मंडली यादव, बामेश्वर यादव, दिलीप यादव, संतोष केशरी, आदित्य रंजन, सुभाष यादव, सौरभ कुमार, भूदेव यादव, सुनील यादव, विवेक रंजन, दिनेश यादव, श्रीप्रसाद यादव, राजू कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए