पलक और कल्याण ने बढ़ाया बांका का मान, राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व
पलक व कल्याण की फोटो
बांका के दो उभरते एथलीट, पलक कुमारी और कल्याण कुमार, ने राष्ट्रीय स्तर की 37वीं ईस्ट जोन जूनियर नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 के लिए बिहार टीम में जगह बनाई है. उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है.
बौसी : बांका जिले के लिए खेल जगत से गौरव की खबर सामने आयी है. जिले के दो उभरते एथलीट पलक कुमारी और कल्याण कुमार ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जगह बनायी है. दोनों खिलाड़ियों का चयन 37वीं ईस्ट जोन जूनियर नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 के लिए बिहार टीम में हुआ है. दोनों के चयन से जिले के खेलप्रेमियों में खुशी की लहर है.
23 अगस्त से चल रहा विशेष प्रशिक्षण शिविर
बिहार टीम में चयनित खिलाड़ियों के लिए 23 अगस्त से 21 सितंबर तक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है. शिविर में खिलाड़ियों को प्रतियोगिता की तैयारी के लिए विशेषज्ञों की देखरेख में प्रशिक्षण दिया जा रहा है. खिलाड़ियों के आवासन, भोजन और प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की गयी है.
प्रशिक्षण शिविर के बाद 22 सितंबर को पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ईस्ट जोन जूनियर नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें पलक और कल्याण बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे.
बेलहर की पलक और बांका शहर के कल्याण ने बनाई जगह
पलक कुमारी बेलहर प्रखंड के तारी मंझगाय गांव निवासी निजी स्कूल संचालक चंद्रकांत मिश्रा की पुत्री हैं. वहीं कल्याण कुमार बांका शहर के जगतपुर मोहल्ला निवासी किसान शशिकांत सिंह के पुत्र हैं.
दोनों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से उनके परिवार के साथ-साथ गांव और पूरे जिले में खुशी का माहौल है. खेलप्रेमियों को उम्मीद है कि दोनों प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बांका का नाम रोशन करेंगे.
विधायक और जिला एथलेटिक्स संघ ने दी बधाई
दोनों खिलाड़ियों के चयन पर कटोरिया विधायक पूरनलाल टुडू ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं.
जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष देवाशीष उर्फ निप्पू पांडे और सचिव मोनू ने कहा कि पलक और कल्याण का चयन बांका की खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है. इससे जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.
अब जिलेवासियों की नजरें पटना में होने वाली प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां दोनों खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से बिहार और बांका का नाम रोशन करने उतरेंगे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए