झमाझम बारिश में भी नहीं थमे कांवरियों के कदम, बोल बम के जयघोष से गूंज उठा 105 किमी लंबा कांवरिया पथ

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Shravani Mela : भले ही मौसम ने साथ न दिया हो, लेकिन कांवरियों का जोश बारिश में भी कम नहीं हुआ. बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ते शिवभक्तों का सैलाब आस्था का प्रतीक बना हुआ है. सेवा शिविरों और रैन बसेरों में भी चहल-पहल जारी है.

विज्ञापन

Shravani Mela : सावन माह में मौसम ने भी कांवरियों का साथ दिया. सुबह तेज धूप रही, लेकिन दोपहर में झमाझम बारिश और शाम को रिमझिम फुहारों ने पैदल यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाई. मौसम सुहावना होने के बावजूद शिवभक्त बिना रुके बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ते रहे. उनके चेहरे पर थकान से अधिक भोलेनाथ के दर्शन की उत्सुकता दिखाई दी.

जिलेबिया मोड़ से दुम्मा बॉर्डर तक उमड़ा आस्था का सैलाब

कांवरिया पथ पर सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. जिलेबिया मोड़, टंगेश्वर, सुईया पहाड़, अबरखा, तरपतिया, सतलेटवा, दुल्लीसार, कंट्रोल रूम, जमुआ मोड़, राजबाड़ा, कोल्हुआ, देवासी, लक्ष्मणझूला, इनारावरण, भूलभूलैया, गोड़ियारी नदी और दुम्मा बॉर्डर तक केसरिया वस्त्रधारी महिला और पुरुष कांवरियों की लंबी कतारें नजर आईं. कंधों पर सजी रंग-बिरंगी कांवरें पूरे मार्ग की भव्यता को और बढ़ा रही थीं.

रैन बसेरों और सेवा शिविरों में बढ़ी चहल-पहल

शाम ढलते ही कांवरियों ने रात्रि विश्राम के लिए सरकारी एवं निजी धर्मशालाओं, टेंट सिटी, पर्यटन विभाग के रैन शेल्टर और विभिन्न नि:शुल्क सेवा शिविरों का रुख किया. कांवर स्टैंड पर कांवर रखने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से संध्या पूजन और आरती की. देर रात तक सेवा शिविरों में भजन-कीर्तन और 'बोल बम' के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.

हर कदम पर दिख रही अटूट आस्था

अजगैबीनाथ धाम से बाबाधाम तक फैला कांवरिया पथ इन दिनों शिवभक्ति का जीवंत प्रतीक बना हुआ है. धूप, बारिश और लंबी पैदल यात्रा की कठिनाइयों के बावजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं. उमड़ती भीड़ और गूंजते जयघोष श्रावणी मेले की भव्यता के साथ भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था का संदेश दे रहे हैं.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन