पैक्स गोदाम निर्माण को लेकर बीडीओ ने किया स्थलीय निरीक्षण

प्रखंड क्षेत्र की रणगांव पंचायत के मोटंगा गांव में पैक्स गोदाम निर्माण को लेकर उपजे विवाद के समाधान के लिए बीडीओ अरविंद कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया.
धोरैया . प्रखंड क्षेत्र की रणगांव पंचायत के मोटंगा गांव में पैक्स गोदाम निर्माण को लेकर उपजे विवाद के समाधान के लिए बीडीओ अरविंद कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और पैक्स अध्यक्ष दोनों पक्षों से बात कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया. मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 11 और 12 के दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने बीडीओ को आवेदन देकर शिकायत की थी कि गोदाम बनने से गांव का मुख्य रास्ता और नाला बाधित हो जायेगा. ग्रामीण मनोहर कामती, पवन मांझी, मीरा देवी आदि का कहना है कि इसी मार्ग पर आंगनबाड़ी केंद्र और पानी टंकी भी स्थित है, जहां आवाजाही में भविष्य में भारी परेशानी होगी. निरीक्षण के दौरान पैक्स अध्यक्ष ने बताया कि गोदाम निर्माण के लिए अंचल कार्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त है, लेकिन स्थानीय विरोध के कारण कार्य में बाधा आ रही है. दोनों पक्षों को सुनने के बाद बीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पैक्स गोदाम का निर्माण भी सुनिश्चित किया जाये और ग्रामीणों के रास्ते व नाले की निकासी में भी कोई बाधा न आए. उन्होंने आपसी समन्वय से समस्या सुलझाने की बात कही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




