रामनगर में युवती की गला रेतकर हत्या, परिजनों में मचा कोहराम

Updated at : 09 May 2025 7:44 PM (IST)
विज्ञापन
रामनगर में युवती की गला रेतकर हत्या, परिजनों में मचा कोहराम

थाना क्षेत्र के विशनपुर पंचायत अंतर्गत रामनगर गांव के समीप बहियार से पुलिस ने शुक्रवार की सुबह 20 वर्षीय एक युवती का शव बरामद किया.

विज्ञापन

एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की ली जानकारी

अमरपुर. थाना क्षेत्र के विशनपुर पंचायत अंतर्गत रामनगर गांव के समीप बहियार से पुलिस ने शुक्रवार की सुबह 20 वर्षीय एक युवती का शव बरामद किया. शव मिलने की सूचना पर रामनगर समेत आस-पड़ोस के गांव के ग्रामीणों की भीड़ घटना स्थल पर जुट गयी. मृतका की गला रेत कर हत्या कर दी गयी है. युवती के गले में गहरे जख्म के साथ गले में दुपट्टा बांधा हुआ था. मृतका की पहचान रामनगर गांव निवासी स्व बिरन दास की पुत्री प्रीती कुमारी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही मृतका की मां आशा देवी व अन्य परिजन दहाड़ मारते घटनास्थल पर पहुंचे. मृतका की मां ने बताया कि गांव में ही उनके घर से महज 100 मीटर दूरी पर उसका मायका है. जहां में गुरुवार की रात्रि उनके भाई मनेशर दास का पुत्र प्रफुल कुमार की शादी थी, जिसमें उनकी पुत्री प्रीति ने शिरकत की थी. इस दौरान गांव की महिलाओं के साथ युवती ने भी डीजे की धुन पर डांस किया. देर रात ननिहाल से युवती मोबाइल पर बात करते हुए घर लौट रही थी, लेकिन घर नहीं पहुंची. परिजनों ने रात भर युवती की खोजबीन की, लेकिन कुछ भी पता नहीं चला. जिसके बाद पुत्री के लापता होने का सूचना सरपंच पवन सिंह को दी. सरपंच ने सुबह मामले को लेकर थाने में आवेदन देने की बात कही. शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों के द्वारा सूचना मिली कि उनकी पुत्री का शव बहियार में पड़ा हुआ है. घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा, अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार सिंह व विक्की कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन करते हुए घटना की जानकारी वरीय पदाधिकारी को दी. सूचना पर एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा व एसडीपीओ विपिन बिहारी घटना स्थल पर पहुंचे तथा मृतका के परिजनों से घटना के संबंध में आवश्यक पूछताछ की. मृतका की मां ने बताया कि गांव के ही एक परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसमें जान मारने की धमकी मिली थी. एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. हत्या के कुछ संदिग्ध का नाम सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है. घटना के बाद डॉग स्क्वॉड व एफएसएल की टीम के द्वारा घटना की जांच की गयी. वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है. मृतक की मां के फर्द बयान पर आगे की कार्यवाही की जा रही है.

युवती की 22 मई को होनी थी शादी

ग्रामीणों ने बताया कि मृतका की मां आशा देवी वर्षों से अपने मायके रामनगर गांव में जमीन खरीदकर मकान बनाकर बच्चों के साथ रह रही है. मृतक युवती की शादी शंभुगंज थाना क्षेत्र के मेहरपुर गांव में तय हुई थी. गत 27 अप्रैल को युवती का तिलक भी हो गया था और आगामी 22 मई को शादी होनी थी. घर के सभी सदस्य शादी की तैयारी में जुटे हुए थे, लेकिन इसी बीच शादी के पहले ही उसकी निर्मम हत्या कर दी गयी. मृतका की मां ने बताया कि भतीजा गोविंद दास पिता रोबन दास के साथ उनका जमीन विवाद चल रहा था. दो वर्ष पूर्व गोविंद्र ने बड़े पुत्र संतोष दास पर जानलेवा हमला करते हुए उन्हें जख्मी कर दिया था. लाखों रुपये कर्ज लेकर अपने पुत्र की जान बचायी थी. उन्होंने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पुत्री की हत्या में गोविंद दास का ही हाथ है. उधर ग्रामीणों की माने तो युवती की हत्या का कारण प्रेम प्रसंग है. बताया जा रहा है कि प्रीति का एक युवक से काफी दिनों तक प्रेम प्रसंग था. इसी बीच प्रीति की बेरुखी के कारण उक्त प्रेमी युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी. युवक की आत्महत्या के बाद उसके स्वजन भी बदले की फिराक में थे. घटना के बाद सभी आरोपित घर से फरार बताये जा रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन